हरियाणा के कालाकारों का बॉलीवुड में जलवा, फिल्म पॉलिसी ने दी हरियाणवी सिनेमा को ताकत और पहचान
punjabkesari.in Monday, Jan 01, 2024 - 06:14 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्र शेखर धरणी): पंजाब से अलग होकर अस्तित्व में आए हरियाणा की स्थापना को 57 साल हो गए हैं। हरियाणा के कलाकारों का जलवा न केवल हरियाणा बल्कि बॉलीवुड तक सिर चढक़र बोलता है। यहां की भाषा शैली, बोली, हास्य-संवाद सब गजब का है और इसी गजब की कलाकारी ने प्रदेश को पहचान दी है। राजनीति और खेल की तरह फिल्मों में भी हरियाणा के कलाकारों का दबदबा रहा है। हरियाणा सरकार की फिल्म पॉलिसी ने हरियाणवी सिनेमा को ताकत प्रदान की है। प्रदेश में समसामयिक विषयों पर फिल्में बननी शुरू हुई तो सरकार ने हरियाणा की अलग सिनेमा पॉलिसी बनाने का निर्णय लिया। यह पॉलिसी बनवाने में सीएम के पूर्व मीडिया सलाहकार अमित आर्य व तत्कालीन डीपीआर समीरपाल सरो का खास योगदान रहा है। हमारी फिल्म इंडस्ट्री में करीब दो दर्जन कलाकार ऐसे हैं, जो हरियाणा की धरती से ताल्लुक रखते हैं। इनमें शास्त्रीय संगीत के जीवंत हस्ताक्षर पं. जसराज से लेकर फिल्म अभिनेता रणदीप हुड्डा, राजकुमार राव, यशपाल शर्मा व फिल्म अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा तक शुमार हैं।
हरियाणा की पहचान ठेठ देसी राज्य के रूप में होती रही है इसीलिए यहां फिल्मों का माहौल नहीं बन पाया। लेकिन बदलते जमाने में हरियाणा के युवाओं के बॉलीवुड और पॉलीवुड की तरफ बढ़ते क्रेज ने यहां संभावनाओं को जन्म दिया। एक नवंबर 1966 को अलग अस्तित्व में आने के बाद पहली हरियाणवी फिल्म धरती 1968 में आई। उसके 24 साल बाद तीसरी फिल्म बहूरानी आई। 1984 में चंद्रावल ऐसी फिल्म बनी, जिसने पूरे देश में हरियाणवी सिनेमा को बुलंदियों पर पहुंचाया। 16 साल के लंबे अंतराल के बाद 2000 में लाडो फिल्म आई तो 2014 में पगड़ी ‘द ऑनर’ ने हरियाणा को नई पहचान दी।
हरियाणा प्रदेश के अनेक हास्य कलाकारों ने अपनी प्रतिभा के बल पर बॉलीवुड तक धाक जमाई है। जैमिनी हरियाणवी से लेकर सुरेंद्र शर्मा तक और सुनील ग्रोवर से लेकर सतीश कौशिक तक, हरियाणवी सितारों ने रंगमंच व कला मंच पर अपनी विशेष छवि बनाई वहीं फिल्मी दुनिया में भी हरियाणा के कलाकारों ने खूब नाम किया। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के धनौंदा निवासी दिवंगत सतीश कौशिक, अंबाला की प्रियंका चोपड़ा, जूही चावला, ओमपुरी, परिणीति चोपड़ा, जोहरा बाई अंबाला वाली, हिसार जिले की मल्लिका सहरावत, मनीष जोशी बिस्मिल, यशपाल शर्मा, फरीदाबाद के सोनू निगम, ऋचा शर्मा व सृष्टि राणा, गुरूग्राम के राजकुमार राव, रोहतक के रणदीप हुड्डा, यमुनानगर के सुनील दत्त, सोनीपत के यश टांक, सिरसा की डबवाली मंडी से सुनील ग्रोवर, रोहतक के गुलाम फरीद साबरी, सुभाष घई और पारुल गुलाटी, फतेहाबाद के पं. जसराज, सिरसा के ही सिनेमाटोग्राफर रहे मनमोहन सिंह सहित अनेक नाम हैं, जो फिल्मी दुनिया का बड़े चेहरे हैं>
हरियाणा सरकार ने अपनी फिल्म पॉलिसी में बदलाव किया है। हरियाणा फिल्म सेल अब हरियाणा फिल्म प्रमोशन बोर्ड के नाम से जाना जाता है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल का कहना है कि हरियाणवी व गैर-हरियाणवी सिनेमा के विकास व फिल्म निर्माण के लिए अनुकूल माहौल प्रदेश में बनाया गया है। प्रदेश में फिल्मों के लिए विद्यमान अपार संभावनाओं के सही दोहन के लिए प्रमोशन बोर्ड काम करेगा। हरियाणा सरकार अपने कलाकारों के प्रतिभा विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। हरियाणा सरकार की नीति का ही परिणाम है कि आज हरियाणा के कलाकार देश-दुनिया में अपनी कला का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य सरकार हरियाणा का गीत भी शीघ्र लांच करेगी।
(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।)
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)