बाजार में पॉलिथीन की बिक्री पर फिल्मी अंदाज में छापेमारी, 25 हजार का जुर्माना

6/14/2019 9:03:48 PM

यमुनानगर (सुमित ओबेरॉय): शहर के आम बाजारों में हानिकारक पॉलीथीन को पूरी तरह से बैन करने की कवायद में नगर निगम ने अभियान चला रखा है। इसी के चलते आज निगम को सूचना मिली कि बाजार में पॉलीथीन बेचा जा रहा है, जिस पर निगम ने फिल्मी अंदाज में छापेमारी करते हुए 25 हजार रूपये का जुर्माना लगा दिया।

यमुनानगर के मेयर मदन चौहान और निगम कमिश्नर पूजा चांवरिया ने पॉलिथीन को बंद करने को लेकर एक अभियान चला रखा है। इसी अभियान के तहत लंबे समय से लोगों को पॉलिथीन इस्तेमाल ना करने और दुकानदारों को पॉलिथीन ना बेचने के लिए जागरूक किया जा रहा है। निगम की टीम को एक जगह से 20 से 30 किलो पॉलिथीन मिले हैं, जिस पर 25 हजार का जुर्माना किया गया है। वीरवार शाम से चलने वाली छापेमारी शुक्रवार को भी जारी रही। वहीं पॉलिथीन बेचने वालों में निगम की छापेमारी से हड़कंप मच गया है।

बता दें कि पॉलिथीन पर रोक लगाने के लिए गुप्त रूप से शुरू हुई नगर निगम की टीम की छापेमार कार्रवाई अब भी कई जगह पर जारी है। अब तक इस छापेमारी में 8 चालान काटे गए हैं और 80 किलो के करीब पॉलीथिन जब्त किया गया है। कल से अब तक 75 हजार रुपये के चालान काटे गए हैं। अब देखना होगा कि निगम के इतने बड़े एक्शन के बाद कब तक पॉलीथिन पूर्ण रुप से बंद हो पाएगा।

Shivam