आंदोलन के दौरान शहीद हुए किसानों को 1 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी जाए: अभय चौटाला

1/1/2021 10:20:42 AM

सिरसा(माहेश्वरी): इनैलो के प्रधान महासचिव व ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इनैलो के संस्थापक चौधरी देवीलाल ने किसानों के हितों के लिए देशभर में बड़े-बड़े आंदोलन किए और उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हुए इनैलो भी किसान आंदोलन में अपनी प्रमुख भूमिका निभा रही है। वह गुरुवार को डबवाली रोड स्थित इनैलो कार्यालय में इनैलो किसान सैल की जिला स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक से पूर्व उन्होंने किसान आंदोलन में शहीद हुए सभी 45 किसानों के सम्मान में 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेशभर में हुए निगम चुनावों में भाजपा और टुकड़े-टुकड़े गैंग का दिवालिया पिट गया और जनता ने उन्हें पूरी तरह से नकार दिया। 

उन्होंने पार्टी कार्यकत्र्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव स्तर पर कमेटियां बनाकर अधिक से अधिक संख्या में टिकरी बॉर्डर पहुंचकर आंदोलनकारी किसानों का पुरजोर समर्थन करें। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों से बातचीत में लंबा समय ले रही है जो प्रमाणित कर रहा है कि वह भ्रम की स्थिति पैदा करते हुए आंदोलन को कमजोर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि आगामी 7 जनवरी को प्रात: 10 बजे वह भावदीन टोल प्लाजा से 500 ट्रैक्टर-ट्रालियों में सवार होकर टिकरी बॉर्डर के लिए रवाना होंगे और आंदोलन में सिरसा की महत्ती भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि टिकरी बॉर्डर पर सिरसा से जाने वाले किसानों के रहने की व्यवस्था वह करवाएंगे ताकि किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न आए।

इनैलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पूर्व सी.एम. भूपेंद्र सिंह हुड्डा किसानों के मुद्दे पर विधानसभा सत्र बुलाने की मांग तो अवश्य करते हैं मगर सदन में किसानों के हित की कभी बात नहीं करते। इनैलो नेता ने केंद्र सरकार से आंदोलन के दौरान मौत का शिकार हुए किसानों को शहीद का दर्जा देने और उनके आश्रितों को 1-1 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता व एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ऐसा नहीं कर सकी तो वह अपने स्तर पर शहीद परिवारों के सदस्यों को नौकरी देंगे।

बैठक में इनैलो के जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, पूर्व मंत्री भागीराम, विजय सिंह खोड, इनैलो की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य जसवीर सिंह जस्सा, कृष्णा फौगाट, प्रवक्ता महावीर शर्मा, किसान नेता गुरप्रीत सिंह गिल, विनोद दड़बी, रणधीर जोधकां, सुभाष नैन, गुरविंद्र सिंह, अभय सिंह खोड, जसविंद्र बिंदु, विनोद अरोड़ा, जरनैल चंदी, सतपाल छतरियां, प्रकाश ममेरां, प्रदीप मेहता, गुरदयाल मेहता, मनोहर मेहता, मंदर ओढां, डा. राजकुमार डूमरा, महेंद्र बाना, भगवान कोटली, ममता मिढा, अंगूरी वर्मा, पुष्पा नारंग, रजनी कंबोज, कमलेश सिद्धू, विनय श्योराण, सुरेश दड़बा, पवन बठला, श्रवण डूडी, नरेंद्र मेहता सहित अनेक वरिष्ठ इनैलो पदाधिकारी व कार्यकत्र्ता मौजूद थे।
 

Isha