फिंगरप्रिंट तकनीक से अपराधी बेनकाब: हरियाणा पुलिस ने ''नेफिस'' के जरिए 23 हजार बदमाशों की की पहचान, 25 अज्ञात शवों की भी हुई शिनाख्त
punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2026 - 02:46 PM (IST)
चंडीगढ़: अपराध नियंत्रण और अनुसंधान में आधुनिक तकनीक को हथियार बनाकर हरियाणा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। नेशनल ऑटोमेटेड फिंगरप्रिंट आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (नेफिस - NAFIS) और मेजरमेंट कलेक्शन यूनिट (एमसीयू - MCU) के प्रभावी इस्तेमाल से प्रदेश पुलिस ने 23 हजार से अधिक अपराधियों की पहचान करने में कामयाबी पाई है। इतना ही नहीं, फिंगरप्रिंट मिलान तकनीक के जरिए 25 अज्ञात शवों की शिनाख्त भी की गई है।
प्रदेश भर में स्थापित किए गए 100 आधुनिक वर्कस्टेशन
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने मीडिया से जानकारी साझा करते हुए बताया कि तकनीक को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए हरियाणा पुलिस ने विभिन्न जिलों, उपमंडलों और विशेष इकाइयों में 69 नेफिस और 31 एमसीयू वर्कस्टेशन स्थापित किए हैं। इन कुल 100 आधुनिक वर्कस्टेशन के माध्यम से जांच अधिकारियों को अपराधियों के डिजिटल डेटा तक त्वरित पहुंच मिल रही है। इससे पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने और अलग-अलग वारदातों के आपसी तार जोड़ने में बड़ी मदद मिल रही है।
48 हजार से ज्यादा आरोपियों का डिजिटल रिकॉर्ड दर्ज
डीजीपी ने बताया कि मेजरमेंट कलेक्शन यूनिट (एमसीयू) के जरिए अब तक 48,281 आरोपियों का पंजीकरण किया जा चुका है, जिसमें उनकी बायोग्राफिकल और शारीरिक पहचान से जुड़ा डेटा डिजिटल रूप से सुरक्षित है। इसके अलावा, अपराध स्थलों (क्राइम सीन) से जुटाए गए 3,415 'चांस प्रिंट' का सत्यापन किया गया, जिनमें से 94 का सीधा मिलान अपराधियों से हुआ।
10 महीने में 72 हजार से अधिक फिंगरप्रिंट अपलोड
राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (SCRB) की पुलिस अधीक्षक नितिका गहलोत ने आंकड़ों की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष 1 जनवरी से 31 अक्तूबर तक हरियाणा पुलिस ने कुल 72,172 फिंगरप्रिंट नेफिस पोर्टल पर अपलोड किए हैं। इस अवधि के दौरान फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने 23,154 फिंगरप्रिंट का सफलतापूर्वक मिलान किया, जिससे कई शातिर अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास बेनकाब हुआ है।