जनगणना ड्यूटी से गायब 2 क्लर्कों पर FIR, नोटिस के बाद भी नहीं दिया जवाब
punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 12:56 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : राष्ट्रीय जनगणना-2027 के कार्य में लापरवाही बरतना दो सरकारी क्लर्कों को महंगा पड़ गया। शाहबाद में जनगणना ड्यूटी से लगातार गायब रहने, अधिकारियों के संपर्क से बाहर रहने और सरकारी आदेशों की अनदेखी करने के आरोप में दोनों कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
यह कार्रवाई शाहबाद नगर पालिका समिति के चार्ज ऑफिसर-कम-सेक्रेटरी बंबूल सिंह की शिकायत पर की गई। पहला मामला जीएसएसएस कलसाना में कार्यरत क्लर्क रविन कुमार के खिलाफ दर्ज हुआ है। शिकायत में बताया गया कि रविन कुमार को जनगणना कार्य के तहत शाहबाद क्षेत्र में एचएलबी नंबर-0053 आवंटित किया गया था और उन्हें गणनाकर्ता नियुक्त किया गया था। जनगणना का कार्य एक मई 2026 से शुरू होना था, लेकिन उन्होंने ड्यूटी ज्वाइन नहीं की।
आरोप है कि रविन कुमार ने अपने सुपरवाइजर और अधिकारियों से संपर्क भी तोड़ लिया। कई बार फोन करने के बावजूद उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद सात मई को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और आठ मई सुबह 10 बजे तक स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
शिकायत में यह भी कहा गया कि सात मई को हुई समीक्षा बैठक में एसडीएम शाहबाद ने जनगणना कार्य में बाधा डालने वाले कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए थे। इसी आधार पर थाना शाहबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
इसी प्रकार दूसरा मामला जीएसएसएस सुधपुर में कार्यरत क्लर्क संजीव कुमार के खिलाफ दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार संजीव कुमार को शाहबाद क्षेत्र में एचएलबी नंबर-0060 आवंटित कर गणनाकर्ता बनाया गया था, लेकिन उन्होंने भी निर्धारित समय पर जनगणना कार्य शुरू नहीं किया।
अधिकारियों का आरोप है कि संजीव कुमार भी लगातार संपर्क से बाहर रहे। उन्हें भी सात मई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, मगर तय समय सीमा तक उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)