सिंगर मासूम शर्मा के खिलाफ देहरादून में FIR, लाइव परफॉर्मेंस में अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना पड़ा भारी
punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 03:46 PM (IST)
डेस्क : हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। देहरादून के डीएवी कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंच से अभद्र भाषा और गालियां देने के आरोप में पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्ज किया है। डालनवाला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 352, 79 और 351(3) के तहत यह कार्रवाई की है। यह केस छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, इस मामले में पुलिस ने पहले ही मासूम शर्मा को 15 दिन के भीतर जवाब देने का नोटिस जारी किया था। संतोषजनक जवाब न मिलने और जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह मामला दर्ज किया गया। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल की शिकायत मिली थी। जांच के बाद आरोपों की पुष्टि होने पर कानूनी कार्रवाई की गई है।
क्या है मामला
बताया जा रहा है कि शनिवार को उत्तराखंड के देहरादून स्थित डीएवी कॉलेज में आयोजित एक लाइव शो के दौरान उन्होंने स्टेज पर कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। जिसके बाद कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों के बीच हंगामा खड़ा हो गया। डीएवी कॉलेज के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे जिससे माहौल बिगड़ गया और छात्रों में नाराजगी फैल गई।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)