अज्ञात कारणों के चलते होटल की रसोई में लगी आग, बड़ा हादसा टला

12/4/2019 12:42:30 PM

पानीपत (आशु) : जी.टी. रोड पर स्थित होटल हाइव के रसोई घर में अज्ञात कारणों से बुधवार को अचानक आग लग गई। होटल कर्मचारियों ने आग को काबू करने के लिए अंदर लगे फायर फाइटिंग सिस्टम को चालू कर मामले की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड तथा होटल स्टाफ ने आग पर काबू पाया। 

फायर अधिकारी की जांच में पता चला कि होटल हाइव के पीछे एल.पी.जी. गैस से भरे सिलैंडर का स्टाक रखा जाता है। इस क्षेत्र से ही आग होटल तक पहुंची होगी। वहीं होटल में आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया। साथ ही आग लगने पर स्टाफ द्वारा होटल को खाली करवा लिया गया था।

इतना ही नहीं आग लगने पर होटल में से उठते हुए धुएं को पीछे की ओर से अभिजीत नामक व्यक्ति ने देखा और इसकी जानकारी तुरंत प्रभाव से स्टाफ को दी। जानकारी मिलते ही स्टाफ ने आग को बढ़ावा देने वाली सभी चीजों को होटल से बाहर निकालना शुरू कर दिया। 

Isha