बदमाशों ने दिन दहाड़े की फैक्टरी में फायरिंग, बाल-बाल बचा कर्मचारी

11/3/2017 6:59:12 PM

फरीदाबाद(देवेन्द्र कौशिक): बदमाशों के बढ़ते हौंसले के साथ क्राईम का ग्राफ भी बढ़ता जा रहा है। आए दिन कहीं न कहीं फायरिंग हो जाती है तो कहीं पर लूटपाट को अंजाम दिया जाता है। बदमाशों में पुलिस प्रशासन का खौफ जरा सा भी नहीं रहा है, इस बात की पुुष्टि एक कंपनी में बदमाशों द्वारा दिनदहाड़े गोली चलाई जाने से हो गई। शुक्रवार को बदमाशों ने शहर के सेक्टर 24 इंडस्ट्रियल एरिया में एक फैक्ट्री में घुसकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई, जिसमें एक कर्मचारी बाल-बाल बच गया। पुलिस ने सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग से साक्ष्य जुटाने के प्रयास में लगी है, फिलहाल किसी को काबू नहीं किया गया।



जानकारी के मुताबिक घटना सेक्टर 24 में 3 नंबर प्लॉट पर बनी  हरियाणा स्टील कंपनी में करीब 11 बजे की है। सीसीटीवी की फुटेज में देखा गया कि, स्विफ्ट कार में सवार होकर आए करीब छ: बदमाश कंपनी के गेट के सामने उतरते ही फायरिंग शुरु कर देते हैं। उनमें से करीब 4 लोग फैक्टरी के अंदर तक घुसकर फायरिंग करते हुए वापिस लौट जाते हैं। इस फायरिंग में करीब 12 फायर किए गए। अचानक हुई फायरिंग से कंपनी के कर्मचारी पूरा स्टाफ हक्का बक्का रह गया। वहीं सामने ही बैठे कर्मचारी के तरफ भी एक फायर हुआ जो कि मेज पर रखे प्रिंटर में फंस जाने से कर्मचारी को नुकसान नहीं पहुंचा।

पुलिस ने बताया कि, बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उनको कठघरे में खड़ा कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है, इस घटना में फिलहाल किसी को जानी नुकसान नहीं हुआ है।