सिरसा में एक बार फिर हुआ गोलीकांड : बाइक सवार बदमाशों ने बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां, 2 घायल

1/25/2023 10:19:05 PM

सिरसा(सतनाम) : शहर के नोहरिया बाजार में मोटर साइकिल सवार अज्ञात लोगों द्वारा फायरिंग करने का मामला सामने आया है। गोली लगने से दो युवक घायल हो गए हैं। वारदात में घायल हुए एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल मोनू गुज्जर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हिसार रेफर किया गया है। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन और शहर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई है। फिलहाल बाइक सवार अज्ञात युवकों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

 

 

बदमाशों ने पांच राउंड किए फायर, पीड़ित के पेट में लगी गोली

 

जानकारी के मुताबिक देर शाम अज्ञात लोगों ने नोहरिया बाजार की मस्जिद वाली गली में मोनू गुज्जर नामक युवक पर फायरिंग कर दी। इस वारदात में मोनू गुज्जर के पेट में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा एक अन्य युवक भी गोली लगने से घायल हो गया है। मौके पर मौजूद एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने मोनू गुज्जर को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हिसार रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार हमलावरों ने पांच राउंड फायर किए, जिनके कारण मोनू गुज्जर को गंभीर चोट लगी है।

 

 

गोलीकांड ने उड़ाई पुलिस की नींद, मौके पर पहुंचे एसपी

 

शहर में हुए इस गोलीकांड के बाद जिला पुलिस पूरी तरह से एक्टिव हो गई है। खुद एसपी अर्पित जैन ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस के सामने इस गोलीकांड के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। एक और जहां पुलिस गोली चलाने वाले अज्ञात बदमाशों की पहचान करने में जुट गई है तो वहीं पुलिस के सामने यह भी सवाल है कि आखिर बदमाशों ने युवक के ऊपर हमला किस वजह से किया है। इन सभी सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस जांच में जुट गई है।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)         

Content Writer

Gourav Chouhan