लेडीज संगीत पर थिरक रहे लोगों के बीच युवक ने की फायरिंग, 7 घायल

5/8/2017 11:57:37 AM

जींद (सुनील मराठा):जींद शहर के मेन बाजार स्थित हनुमान गली में शादी समारोह में लेडीज संगीत में फायरिंग होने का मामला सामने आया है, जिसमें गोली के छर्रे लगने से सात लोग घायल हो गए। घायल होने से शादी समारोह की खुशियों में अचानक ही कोहरा मच मच गया, उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। 

पुलिस के अनुसार हनुमान गली निवासी रमेश गोयल के बेटे अंकुर गोयल की शादी होनी है और रविवार रात को घर पर लेडिज संगीत का आयोजन किया हुआ था।

घर में सभी रिश्तेदार व जानकार आए हुए थे। पुरुष व महिला डीजे के गानों पर थिरक रहे थे तभी उनके एक जानकार ने अपने पास मौजूद असलाह से फायरिंग करनी शुरू कर दी।

गोली मकान की छत से टकराकर वापस डीजे पर डांस कर रहे लोगों को लग गई। इस दौरान गोली के छर्रे लगने से गांधी गली निवासी तरुर, सरोज गोयल, मुन्नी देवी, राजेश, अमृता, रमेश, विकास घायल हो गए।

तभी वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर शहर थाना प्रभारी समुंद्र सिंह, सिविल लाइन चौकी प्रभारी शशीप्रकाश मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।