भारत में पहली बार होगा 26 देशों का WUWM सम्मेलन, इस शहर को चुना

6/30/2018 2:10:35 PM

गुरूग्राम(सतीश राघव): देश में किसानों की आय बढ़ाने तथा उन्हें उनकी फसल का सही दाम मिले इसके लिए मोदी सरकार लगातार प्रयास करती रही है। जिसके चलते भारत के गुरूग्राम में पहली बार WUWM(वर्ल्ड यूनियन ऑफ होलसेल मार्केट) में शामिल 26 देशों के मार्केटिंग प्रतिनिधियों का सम्मेलन होने जा रहा है। जिसके चलते नीदरलैंड के प्रतिनिधि मंडल ने गुरुग्राम पहुंचकर सम्बंधित अधिकारियों से तमाम कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा करेंगे। 

दरअसल वर्ल्ड यूनियन ऑफ होलसेल मार्केट, नीदरलैंड द्वारा हरियाणा के गुरूग्राम में वर्ल्ड कांफ्रेंस ऑफ होलसेल मार्केट का आयोजन आगामी 10 अक्तूबर से 13 अक्तूबर के बीच किया जाएगा। यह कांफ्रेंस हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा आयोजित की जाएगी। इस तरह की कांफ्रेंस देश में पहली बार आयोजित होने जा रही है।

तीन साल पहले हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओ.पी धनखड ने नीदरलैंड की राजधानी एम्सटर्डम में यह पेशकश की थी। कि वर्ल्ड कांफ्रेंस ऑफ होलसेल मार्केट का आयोजन भारत में हरियाणा के अंदर भी किया जाए। इस 33वीं कांफ्रेंस में दुनिया भर की 200 मंडियों के चेयरमैन व प्रबंध निदेशक भाग लेंगें। इसके अलावा, एशिया, उत्तरी व दक्षिणी अमेरिका, अफ्रीका और यूरोप महाद्वीपों के देश भी शिरकत करेंगें। 

इस काफ्रेंस में चीन, जर्मनी, स्पेन, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, अर्जेंटीना, मैक्सिको, अफ्रीका इत्यादि देश भी भाग लेंगें। इस मौके पर WUWM के डायरेक्टर जेएस यादव ने कहा कि नीदरलैंड प्रतिनिधिमंडल को दिल्ली की आज़ादपुर मंडी का दौरा भी करवाया जायेगा। जोकि एशिया की सबसे बड़ी मंडी के तौर पर जानी जाती है। इसके साथ-साथ इस प्रतिनिधिमंडल को करनाल की अत्याधुनिक मंडी का भी दौरा करवाया जायेगा।   

 

Rakhi Yadav