प्रॉपर्टी डीलर पर पांच लड़कों ने हॉकी व डंडों से किया हमला, चलाई गोली

3/6/2020 12:07:18 PM

फरीदाबाद (सूरजमल) : एमवीएन पाली रोड पर बंदरों को चने व गुड़ खिलाने गए प्रॉपर्टी डीलर पर पांच लड़कों ने हॉकी व डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने प्रॉपर्टी डीलर पर गोली भी चलाई। जो कार के शीशे में लगी। इसमें वह बाल-बाल बच गया। सूरजकुंड थाना पुलिस ने पांच नामजद सहित अन्य के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। सेक्टर-28 निवासी आशीष चौधरी ने बताया कि उनका प्रॉपर्टी डीलिंग का काम है।

वीरवार सुबह वे बंदरों को गुड-चने खिलाने के लिए अपनी आइ-20 कार में एमवीएन पाली रोड पर पहुंचे थे। कार सड़क किनारे लगाकर उन्होंने चने का पैकेट खोला ही था कि तभी दो मोटरसाइकिल आकर रुकी और पांच लड़के उतरे। उनके हाथों में हॉकी व डंडे थे। एक के हाथ में पिस्तौल थी, उसने सीधा आशीष चौधरी की तरफ फायर कर दिया। गोली कार के शीशे में जाकर लगी। इसके बाद बाकी लड़कों ने आशीष पर डंडों व हॉकी से हमला किया। 

उसने भागकर अपनी जान बचाई। हमलावरों ने आशीष की कार तोड़ डाली और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। आशीष का कहना है कि राजू, विशान, हिमांशु, विजयपाल और मेघनाथ के साथ उसकी रंजिश है। ये लोग झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर उससे रंगदारी मांगते हैं। आशीष ने आशंका जताई कि इन लोगों ने ही उस पर हमला कराया है। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।

Isha