यार्ड में मिली खामियां, चीफ यार्ड मास्टर सस्पेंड

4/18/2019 12:03:50 PM

अम्बाला छावनी (हरिंद्रपाल): मंगलवार को दिन में स्टेशन को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद देर रात उत्तर रेलवे जी.एम. की अगुवाई अम्बाला डी.आर.एम. ने स्टेशन पर छापा मारा। इस दौरान खामियां देखकर चीफ यार्ड मास्टर सहित आधा दर्जन अधिकारियों को सस्पैंड/ट्रांसफर करने के आदेश दे दिए। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के आदेश भी दिए। लगभग 4 घंटे तक इंस्पैक्शन के दौरान डी.आर.एम. ने अधिकारियों की भी जमकर क्लास लगाई। अम्बाला डी.आर.एम. दिनेश चंद्र शर्मा ने मंडल के सभी विभागीय अधिकारियों सहित मंगलवार रात लगभग 10.30 से लेकर 2.30 बजे तक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सबसे ज्यादा खामियां रेलवे यार्ड में नजर आईं। डी.आर.एम. ने चीफ यार्ड मास्टर को तुरंत प्रभाव से सस्पैंड करने के आदेश दिए। टैलीकॉम के खाली कार्यालय में बाहरी व्यक्ति आराम करते नजर आए। डी.आर.एम. ने तुरंत अन-अथोराइज्ड व्यक्तियों पर मुकद्दमा दर्ज करने के आदेश दिए। इस दौरान यार्ड में पड़े सीमैंट पर पैनल्टी लगाने और ट्रक जब्त करने के आदेश भी दिए। इसके बाद जब डी.आर.एम. ने वाशिंग लाइन में खड़ी ट्रेन का निरीक्षण किया तो ट्रेन के कुछ दरवाजे खुले मिले। डी.आर.एम. ने तुरंत संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई के आदेश दिए।

डी.आर.एम. के आदेश मिलते ही आर.पी.एफ. ने यार्ड में अनधिकृत रूप से खड़े 5 ट्रकों को जब्त किया। इस दौरान रेलवे परिसर में बिना परमिशन सो रहे 20 बाहरी व्यक्तियों पर भी मुकद्दमा दर्ज किया गया। जिन्हें बुधवार सुबह कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जुर्माना लगाकर जमानत पर छोड़ दिया गया। खामियों पर डी.आर.एम. ने स्टेशन डायरैक्टर को भी लताड़ लगाई। इसके बाद जब डी.आर.एम. यू.टी.एस. काऊंटर पर पहुंचे तो यहां लगी 2 ऑटोमैटिक टिकट वैंङ्क्षडग मशीन बंद देखकर उन्होंने सी.एम.आई. को लताड़ लगाते हुए मशीन को तुरंत प्रभाव से चालू करने के आदेश दिए।  

Shivam