आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए बाढ़ रोकथाम के कार्य शुरू, 30 जून तक कामकाज होगा पूरा

4/19/2020 12:58:18 PM

यमुनानगर(सुरेंद्र मेहता)- हरियाणा सिंचाई विभाग ने आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए प्रदेश व केंद्र सरकार के दिशनिर्देशों के तहत  हथिनीकुंड बैराज की मुरम्मत, बाढ़ रोकथाम के कार्य एवं पश्चिमी यमुना नहर की क्षमता बढ़ाने का कार्य सहित अन्य कार्य शुरू कर दिए हैं।इसके लिए जहां सोशल डिस्टेंस का विशेष ध्यान रखा जाएगा वहीं इस्तेमाल होने वाली मशीनरी को भी सैनिटाइज किया जा रहा है।

मशीनरी को भी किया जा रहा है सैनिटाइज 
यमुनानगर के विभिन्न इलाकों में बाढ़ रोकथाम के कार्य एवं पश्चिमी यमुना नहर की क्षमता बढ़ाने का कार्य सहित अन्य कार्य शुरू कर दिए हैं।जिसके तहत सबसे पहले काम करने वाले मजदूरों एवं कर्मचारियों और अधिकारियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना है, जो भी कार्य हो वह सोशल डिस्टेंस के हिसाब से हो, जिन मशीनरी का इस्तेमाल होना है वह सैनिटाइज की हुई हो, काम करने वाले मजदूर हर 2 घंटे में साबुन से अथवा सैनिटाइजर से हाथ धोएं, मुंह पर मास्क लगाकर रखें आदि हिदायतें शामिल है। दादूपुर डिवीजन के कार्यकारी अभियंता हरिदेव कंबोज ने अपने इलाके में होने वाले कार्यों को शुरू करने से पहले सभी मजदूरों व अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इन दिशनिर्देशों के बारे में बारीकी से जानकारी दी।

30 जून तक करेंगे कार्य पूरा
कार्यकारी अभियंता ने बताया कि 30 जून तक बाढ़ रोकथाम के कार्य पूरे किए जाने हैं। उन्होंने जानकारी दी कि हथिनीकुंड बैराज की मुरम्मत,बाड़ी माजरा में पुल का निर्माण व पश्चिमी यमुना नहर पर हमीदा हेड से लेकर धनोरा हेड के बीच पश्चिमी यमुना नहर की क्षमता को बढ़ाने के लिए कार्य किए जाने हैं और इसके लिए सोशल डिस्टेंस का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए यमुनानगर उपायुक्त एवं हरियाणा सिंचाई विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की अनुमति लेकर यह कार्य सभी हिदायतों की पालना करते हुए शुरू कर दिए गए हैं।
 

Isha