सिरसा में  कोहरे ने मचाया कोहराम, वाहन चालकों को हो रही काफी परेशानी

1/9/2023 4:00:10 PM

सिरसा(सतनाम): शहर में आज घना कोहरा देखने को मिला रहा है। जिसके वजह से आज विजिबिलिटी बिल्कुल 20 मीटर तक ही सीमित रह गई है। जिसके वजह से वाहनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं हरियाणा सरकार ने 1 जनवरी से 15 जनवरी तक प्रदेश के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में छुट्टियां कर दी है।

 

सिरसा में न्यूनतम 4 डिग्री और अधिकतम 17 डिग्री तापमान हुआ दर्ज

 

बता दें कि जनवरी 2023 में अब तक लगातार पिछले 9 दिनों से कोहरे का कोहराम देखने को मिल रहा है। आज भी तापमान न्यूनतम 4 डिग्री और अधिकतम तापमान 17 डिग्री रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। कोहरे के कारण वाहन चालक फोग लाइट का इस्तेमाल कर वाहन चलाते हुए दिखाई दे रहे है। कोहरा ज्यादा होने की वजह से सड़कों पर आज वाहन पहले के मुकाबले कम ही दिखाई दिए। हालांकि कोहरा होने के कारण ठंड भी पिछले कई दिनों के मुकाबले आज बढ़ गई है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे है।

 

 

धुंध से फसलों का फायदा मिलने की लगाई जा रही आशंका

 

घना कोहरा आम लोगों के लिए घातक साबित हो सकता है, लेकिन किसानों के लिए यह काफी फायदेमंद साबित होगा। क्योंकि  गेहूं और सरसों की फसल को काफी फायदा मिलने की उम्मीद लगाई जा रही है। इस महीने के अंत तक कोहरा यूं ही बरकरार रहेगा।

कृषि विभाग के उप कृषि निदेशक डॉ बाबूलाल ने बताया कि इस समय गेहूं,चना,सरसों सहित अन्य फसल की बिजाई क्षेत्र में की गई है। मौसम के अनुसार कोहरे और धुंध से इन फसलों को बहुत लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि ओस की बूंदे नाइट्रोजन का काम करती हैं,जिससे फसलों को नाइट्रोजन की पूर्ति होती है। इससे फसल में बहुत ज्यादा फुटाव होता है। उन्होंने बताया कि जिले में 3 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बिजाई,62 000 हेक्टेयर में सरसों की बिजाई की गई है। उन्होंने किसान भाइयों को सलाह देते हुए कहा कि कृषि विशेषज्ञों के अनुसार ही फसल में पानी दे। उन्होंने कहा कि अगले दो तीन दिनों में बारिश की भी उम्मीद है।

 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)     

 

Content Editor

Ajay Kumar Sharma