5000 क्विंटल गेहूं का घोटाला, 12 अधिकारियों सहित 58 डिपू धारकों पर मामला दर्ज

10/12/2017 4:02:11 PM

सिरसा(सतनाम सिंह): सिरसा के खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा 5000 क्विंटल गेहूं के गोलमाल करने का मामला सामने आया है। विभाग के 12 अधिकारियों सहित 58 डिपू धारकों पर भी आरोप लगा है। मामला विभाग के उच्च अधिकारियों सहित खाद्य आपूर्ति मंत्री के दरबार में पंहुचा तो मामले की जांच के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। डिपू धारक इस मामले में अपने आपको पाक साफ बता रहे हैं वहीं पुलिस इन सभी आरोपियों की जल्द गिरफ़्तारी का दावा कर रही है। 

आरोप है कि जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने फर्जी बिल दिखाकर पांच हजार क्विंटल गेहूं खुर्दबुर्द की है जिनमें विभाग के एक दो नहीं बल्कि 12 अधिकारी शामिल थे। ये सारा मामला 2015-16 का है मामले की भनक लगते विभाग के अधिकारियों ने उच्च अधिकारियों को सूचित किया जिसके बाद खाद्य आपूर्ति विभाग के मंत्री के संज्ञान में मामला आने के बाद उच्च स्तरीय जांच हुई जिसमें 12 अधिकारियों सहित 58 डिपो होल्डरों की संलिप्ता पाई गई। विभाग के उच्च अधिकारियों के आदेश पर सिरसा के शहर थाना में इन सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत के मामला दर्ज किया गया है। 

डिपो होल्डर यूनियन के प्रधान सोमनाथ दुग्गल ने डिपो होल्डरों को बिल्कुल निर्दोष बताया है। उन्होंने कहा यह घोटाला अधिकारियों ने किया है। डिपो होल्डरों को तो प्रयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।

डीएसपी विजय कुमार कक्कड़ ने बताया कि खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर विभाग के 12 अधिकारियों और 58 डिपो धारकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जल्द ही उनकी गिरफ़्तारी के प्रयास किए जाएंगे।