इस वजह से सिरसा के एक किसान ने आत्महत्या कर ली, छोड़ा सुसाइड नोट (VIDEO)

9/3/2018 10:23:35 PM

सिरसा(सतनाम सिंह): सिरसा के गांव सुखचैन में एक किसान द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। किसान पर कालांवाली के आढ़ती का तकरीबन 40 लाख रुपये का कर्जा था जिसके चलते आढ़ती किसान को बार बार परेशान करता था। आढ़ती के कर्जे से परेशान होकर किसान मेजर सिंह ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। मृतक ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। जिसमें आढ़ती सहित 3 लोगों को मौत के लिए जिम्मेवार ठहराया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों केबयान पर तीनो के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।



जानकारी के मुताबिक, गांव सुखचैन निवासी किसान मेजर सिंह की कालांवाली में एक आढ़ती के साथ लेनदेन था। बताया गया है कि मेजर सिंह व आढ़ती का पिछले कुछ  समय सेलेन देन को लेकर विवाद चल रहा था। जिसमें कई बार पंचायत भी हुई। आढ़ती अमरजीत सिंह ने मृतक की तरफ पैसे ज्यादा बता रखे थे । इसी मामले को लेकर मेजर सिंह काफी तनाव में था। इसी परेशानी के चलते वह खेत में चला गया और सुबह तक वापिस नहीं लौटा।  परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो वह खेत में मृत अवस्था में मिला। सूचना के बाद बड़ागुढ़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस को मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है।

जिसमें उसने आढ़ती व 2 अन्य लोगों को मौत के लिए जिम्मेवार ठहराया है। पुलिस ने परिजनों के ब्यान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के परिजनों ने बताया कि कालांवाली के आढ़ती का मेजर  सिंह पर करीब 20 लाख से ज्यादा का कर्जा था लेकिन आढ़ती ने  प्रनोट पर ज्यादा पैसे लिखवा लिए थे जिस कारण मेजर सिंह परेशान रहने लगा। उन्होंने कहा कि आढ़ती के कर्जे से परेशान होकर मेजर सिंह ने आत्महत्या की। मेजर सिंह ने सुसाइड नोट में आढ़ती सहित तीन लोगो को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों ने तीनो आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Shivam