महिलाओं के लिए हरियाणा के हर विधानसभा क्षेत्र में बनेंगे "सखी मतदान केंद्र"

4/16/2019 5:35:03 PM

चंडीगढ़(ब्यूरो): महिला सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए हरियाणा में पहली बार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सखी मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, जिनका संचालन केवल महिलाओं द्वारा किया जाएगा। इस पहल से यह संदेश जाएगा कि महिलाएं न केवल चुनाव में भाग ले सकती हैं बल्कि चुनाव प्रक्रिया को अच्छे तरीके से चला भी सकती हैं।

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन ने मंगलवार को चंडीगढ़ में बताया कि लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं। इस बार महिलाओं की मतदान प्रतिशतता बढ़े इसके लिए महिलाओं को जागरुक करने के लिए निरंतर कार्यकम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर महिलाओं के लिए अलग लाइन की व्यवस्था होगी। जो महिलाएं प्रसव के नजदीक हैं और जो महिलाओं 3 साल से कम बच्चे के साथ मतदान करने आएंगी उन महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर लाइन में महिलाओं की संख्या 15 से ज्यादा होगी, वहां एक पुरुष के बाद दो महिलाओं को वोट डलवाया जाएगा ताकि महिलाओं को ज्यादा देर तक गर्मी में खड़ा न रहना पड़े।

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने  कि दिव्यांग महिलाओं के लिए मतदान केंद्र तक लाने और वापिस घर छोडऩे के लिए वाहन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। यदि किसी महिला को व्हीलचेयर की भी आवश्यकता होगी तो व्हीलचेयर भी उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जाएंगे। स्वीप कार्यक्रम के तहत स्वयं सहायता समूह और आंगनवाड़ी महिलाओं द्वारा महिलाओं को मतदान के प्रति जागरुकता बढ़ाने का काम किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं को केंद्रित करते हुए रंगोली और मेहंदी जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिसमें महिलाएं रंगोली और मेहंदी डिजाइन बनाकर लोकतंत्र में वोट डालने के महत्व का संदेश दे रही हैं।

Shivam