भाजपा से इनैलो में लौटी पूर्व प्रत्याशी बोलीं- टिकट दिलवाने के लिए सांसद मांग रहे थे 3 करोड़

9/28/2019 9:08:09 AM

सोनीपत (ब्यूरो) : करीब एक माह पूर्व इनैलो से भाजपा में गई खरखौदा की पूर्व प्रत्याशी अनीता खांडा ने इनैलो में वापस लौटते ही भाजपा के सोनीपत सांसद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। खांडा ने कहा कि सांसद ने खरखौदा से टिकट दिलवाने के नाम पर उनसे 3 करोड़ रुपए मांगे थे। अनीता ने आरोप लगाया कि सांसद ने उसे कहा था कि उसका हिसाब-किताब इतना नहीं है कि वह इतना पैसा खर्च कर सके, इसलिए उसे टिकट नहीं मिलेगी। इसके अलावा उसने कहा कि सांसद ने गत 15 दिन से उनकी कॉल रिसीव नहीं की,जिससे निराश होकर उसने भाजपा छोडऩे का फैसला लिया और पार्टी में वापसी की है।

उसने कहा कि इनैलो छोडऩा उसकी सबसे बड़ी भूल थी। शुक्रवार को इनैलो के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र छिक्कारा के नेतृत्व में जिले के इनैलो नेताओं ने सोनीपत में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया, जिसमें खरखौदा से इनैलो की पूर्व प्रत्याशी अनीता खांडा ने भाजपा छोड़कर पुन: इनैलो का दामन थामने की घोषणा की। उन्हें जिला अध्यक्ष सुरेंद्र छिक्कारा व कार्यकारी अध्यक्ष इंद्रजीत नाहरी ने इनैलो में शामिल किया।

इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनीता खांडा ने भाजपा सांसद रमेश कौशिक पर आरोप लगाया कि टिकट के नाम पर उनसे 3 करोड़ रुपए मांगे जा रहे थे। उसने बताया सांसद ने कहा था कि टिकट के लिए 3-3 करोड़ रुपए लगते हैं,क्या हैं तुम्हारे पास। उसे यह भी कहा गया वह गरीब है और उसका ज्यादा हिसाब-किताब नहीं है। ऐसे में टिकट मिलनी मुश्किल है। इस पर अनीता खांडा ने पार्टी छोडऩे का मन बनाया लिया और शुक्रवार को इनैलो में वापसी की। 


अनीता खांडा को जानता तक नहीं : रमेश कौशिक
वहीं,सांसद रमेश कौशिक ने इन आरोपों को सिरे से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा में पहले से किसी की टिकट तय नहीं होती और न ही टिकट के लिए कोई दबाव बनाया जा सकता। अनीता खांडा से वह तो मिले नहीं हैं और पैसे मांगने का तो सवाल ही पैदा नहीं होता। इस तरह के आरोप कोरी बकवास है। ये आरोप केवल निराशा में लगाए जा रहे हैं,क्योंकि भाजपा ने उन्हें टिकट की गारंटी नहीं दी। टिकट नहीं मिलता देख अनीता ने पार्टी छोड़ी है।

अब चुनाव का माहौल है तो ऐसे आरोप लगाए जाएंगे,लेकिन जनता सब समझती है। रही बात फोन न उठाने की तो वह न तो अनीता खांडा को पार्टी में लेकर आए और न ही उसे जानते। कॉल रिसीव करना न करना उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि वह अनीता खांडा को सही से जानते तक नहीं हैं और न ही वह उसे पार्टी में लेकर आए। भाजपा पार्टी में टिकटों की सौदेबाजी नहीं होती, इस तरह के आरोप कोरी बकवास है। सार्वजनिक समारोह में ये पार्टी में शामिल हुई थीं और उसके बाद से टिकट को लेकर उससे कोई बात नहीं हुई। 

Isha