पूर्व सीएम ने भाजपा सरकार पर कसा तंज, कहा- किसानों का कर्ज माफ करें

1/24/2018 11:40:29 AM

पानीपत(अनिल कुमार): पानीपत के किसान भवन में आयोजित छोटूराम जयंती के उपलक्ष्य में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंदर सिंह हुड्डा बतौर मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि किसान आज बर्बादी की ओर बढ़ रहा है। किसान की लागत बढ़ी है और आमदनी घटी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जो वादे किए थे वह पूरे नहीं किए हैं। सरकार ने मुनाफा देने की बात की थी लेकिन किसान और कर्ज में डूबता जा रहा है। आज समय आ गया है कि किसान और मजदूर सभी वर्ग एक हो तभी देश का भला हो सकता है।

भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि केवल हरियाणा का किसान ही परेशान नहीं है बल्कि आज पूरे देश का किसान कर्ज में डूबा हुआ है। केंद्र सरकार से भी उन्होंने मांग की है कि किसानों के कर्ज माफ करें। साथ ही अशोक तंवर की साइकिल यात्रा और रथ यात्रा पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपना काम कर रही है और यह मेरी नॉलेज में नहीं है।