Scam: 75.34 करोड़ के घोटाले में क्रेस्ट का पूर्व CEO गिरफ्तार, पत्नी की कंपनी में डाल देता था घोटाले की रकम
punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 08:27 AM (IST)
चंडीगढ़ : चंडीगढ़ रिन्यूएबल एनर्जी एंड साइंस एंड टैक्नोलॉजी प्रोमोशन सोसायटी (क्रेस्ट) से जुड़े 75.34 करोड़ रुपए के घोटाले में सी.बी.आई. ने क्रेस्ट के पूर्व सी.ई.ओ. भारतीय वन सेवा (आई.एफ.ओ.एस.) के अधिकारी नवनीत श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया है। उन पर, आई.डी.एफ.सी. बैंक, खाते से धन के गबन का आरोप है। ठगी की रकम का एक हिस्सा निजी कंपनी में ट्रांसफर किया गया था। उस कंपनी की मालकिन सी.आई.ओ. नवनीत श्रीवास्तव की पत्नी और रिश्तेदार हैं। जिस समय घोटाला हुआ उस समय नवनीत श्रीवास्तव चंडीगढ़ रिन्यूएबल एनर्जी एंड साइंस एंड टैक्नोलॉजी प्रोमोशन सोसायटी (सी.आर.ई.एस.टी.) के सी.ई. ओ. थे। सी.बी. आई. ने नवनीत श्रीवास्तव को सी.बी.आई. की अदालत में पेश किया, जहां से 3 दिन के रिमांड पर भेज दिया।
सी.बी.आई. को क्रेस्ट घोटाले की जांच में पता चला कि चंडीगढ़ स्थित आई.डी.एफ.सी. बैंक में सी. आर.ई.एस.टी. के 3 बैंक खातों में जमा धनराशि को धोखाधड़ी से विभिन्न फर्जी कंपनियों में स्थानांतरित कर दिया गया। इसके बाद लाभार्थियों द्वारा व्यक्तिगत उपयोग के लिए परिवर्तित कर दिया गया जिससे सी.आर.ई.एस.टी. चंडीगढ़ को लगभग 75 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ, जब वह पदभार संभाल रहे थे। जांच में यह भी पता चला कि अपराध की आय का एक हिस्सा एक निजी कंपनी के खाते में स्थानांतरित कर दिया गया था।
सी.बी.आई. ने मामले में क्रेस्ट के तत्कालीन परियोजना निदेशक सुखविंद्र सिंह अन्ब्रोल और लेखाकार साहिल कुक्कड़ को पहले गिरफ्तार किया था और उनके खिलाफ पहले ही आरोप पत्र दायर किया जा चुका है और वे वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं। सी.बी.आई. ने हाल ही में इस मामले में 13 आरोपियों के खिलाफ पहली चार्जशीट दायर की थी जिनमें निजी बैंक के 5 अधिकारी, चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन के 2 सरकारी कर्मचारी, 2 शेल संस्थाएं और उनके 3 सांझेदार/निदेशक और एक निजी व्यक्ति शामिल है।
3 बड़े घोटालों की जांच जारी
सी. बी. आई. वर्तमान में हरियाणा और चंडीगढ़ से जुड़े 3 बड़े वित्तीय अनियमितता मामलों की जांच कर रही है। इनमें हरियाणा सरकार के 8 विभागों से जुड़े फंड गबन का मामला, चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी परियोजना से जुड़ा मामला और क्रेस्ट फंड गबन मामला शामिल है। सी. बी. आई. अब तक हरियाणा के मामले में 17 आरोपियों के खिलाफ 2 चार्जशीट दाखिल कर चुकी है जबकि चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी परियोजना मामले में 7 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट अदालत में पेश की जा चुकी है। क्रेस्ट मामले में यह पहली चार्जशीट है जिसमें 13 आरोपियों को नामजद किया गया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)