पूर्व महिला सरपंच पिंकी रानी गिरफ्तार, 6 महीने पहले हुआ था हाई वोल्टेज ड्रामा... जानिए क्या था मामला

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 04:08 PM (IST)

यमुनानगर : ऊंचा चंदना गांव में छह माह पहले हुए विवाद में दौलतपुर (मालियान) की पूर्व सरपंच पिंकी रानी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना छप्पर प्रभारी अजय के अनुसार विवाद 11 दिसंबर 2025 को गांव ऊंचा चंदना में बैठक में उपजा राज्य था। उस दिन हरियाणा आजीविका मिशन के खंड कार्यक्रम प्रबंधक देवेंद्र राणा नव निर्माण महिला क्लस्टर लेवल भवन निर्माण से संबंधित प्रस्ताव रखने पहुंचे थे। 

11 दिसंबर की वो बैठक... जब जंग का मैदान बन गया गाँव
यह पूरा विवाद पिछले साल 11 दिसंबर 2025 को उस समय शुरू हुआ, जब गाँव ऊँचा चंदना में एक अहम बैठक चल रही थी। हरियाणा आजीविका मिशन के खंड कार्यक्रम प्रबंधक (BPM) देवेंद्र राणा वहाँ 'नव निर्माण महिला क्लस्टर लेवल भवन निर्माण' का प्रस्ताव लेकर पहुँचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुँच गया।

सरकारी अफसर का आरोप: रास्ता रोका, पीटा और दी जान से मारने की धमकी
अधिकारी देवेंद्र राणा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि पूर्व सरपंच पिंकी रानी ने न सिर्फ उनका रास्ता रोका, बल्कि उनके साथ मारपीट भी की। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पिंकी रानी ने सरकारी काम में बाधा डाली और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी, जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया था।

पलटवार: पूर्व सरपंच ने लगाया था जातिसूचक शब्द कहने का आरोप
दूसरी ओर, आरोपी पिंकी रानी (जो अब सरपंच पद से हट चुकी हैं) ने इन आरोपों को गलत बताते हुए अफसर पर ही गंभीर आरोप मढ़े थे। पिंकी रानी का कहना था कि देवेंद्र राणा महिला मोर्चा की बैठक में बिना बुलाए घुस आए थे और स्वयं सहायता समूह के पैसों के दुरुपयोग का झूठा आरोप लगा रहे थे। पिंकी के मुताबिक, जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो अफसर ने उन्हें जातिसूचक शब्द कहे और गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी।

पद जाते ही खाकी का एक्शन, छप्पर पुलिस ने दबोचा
थाना छप्पर प्रभारी अजय के अनुसार, लंबे समय से चल रही जांच के बाद पुलिस ने ठोस कदम उठाया है। सरपंच पद से मुक्त हो चुकीं पिंकी रानी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस मामले के कानूनी पहलुओं को आगे बढ़ा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static