हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओपी चौटाला इस तारीख को होंगे तिहाड़ जेल से रिहा, होगा जोरदार स्वागत

7/1/2021 3:43:48 PM

चंडीगढ़ (धरणी): जेबीटी भर्ती घोटाले में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं  इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी ओम प्रकाश चौटाला की सजा पूरी हो गई है। वह शुक्रवार यानि 2 जुलाई को सुबह 9:30 बजे अपनी रिहाई के लिए तिहाड़ जेल में पहुंचेंगे। जेल में पहुंच कागजी कार्रवाई पूरी कर रिहाई के फार्म पर हस्ताक्षर करने के बाद सुबह 10 बजे वह तिहाड़ जेल से अपने निवास की तरफ प्रस्थान करेंगे। इस दौरान उनके पौत्र कर्ण चौटाला उनके सारथी बनकर साथ रहेंगे। यह जानकारी इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने दी। 

उन्होंने कहा कि तिहाड़ जेल से रिहाई के बाद इनेलो सुप्रीमो गुरुग्राम स्थित अपने आवास के लिए रवाना होंगे। पूरे हरियाणा से हजारों की संख्या में इनेलो पार्टी के कार्यकर्ता अपने नेता का स्वागत करने के लिए दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर पहुंचेंगे। नफे सिंह राठी ने बताया कि आज आलम यह है कि पूरे हरियाणा के सभी वर्ग के लोग बेहद उत्सुकता के साथ इनेलो सुप्रीमो की रिहाई का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2013 के बाद यह पहला ऐसा मौका होगा जब हरियाणा की राजनीति में एक नए युग की शुरूआत होगी।
 

बता दें कि साल 2013 में ओमप्रकाश चौटाला, उनके बेटे अजय चौटाला और 3 सरकारी अधिकारियों को 3 हजार से अधिक शिक्षकों की अवैध तरीके से भर्ती के मामले में 10 साल की सजा सुनाई गई थी। वकील के मुताबिक सरकार की तरफ से मिली छूट को मिलाकर चौटाला की सजा पूरी हो गई है। कोरोना संक्रमण की वजह से वह पैरोल पर बाहर हैं। 
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

vinod kumar