नहीं रहे हरियाणा विस के पूर्व डिप्टी स्पीकर मनफूल सिंह

11/4/2017 12:02:34 PM

झज्जर(संजीत):राजनीति में अहम स्थान रखने वाले हरियाणा विस के पूर्व डिप्टी स्पीकर व पूर्व सी.एम. बंसीलाल के समधी मनफूल सिंह का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। उन्हें दिल्ली के बत्तरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जहां आज उन्होंने अंतिम सांस ली। शाम को उनके पैतृक गांव सिलानी में अंतिम संस्कार किया गया। उनको मुखाग्नि पुत्र बिजेंद्र चाहार ने दी। उनके अंतिम दर्शनों के लिए हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व विस अध्यक्ष डा. रघुबीर सिंह काद्यान, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर, पिछड़ा वर्ग के चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा, कृषि मंत्री ओ.पी. धनखड़ के पुत्र आदित्य धनखड़ सहित कई नेता पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। जिला प्रशासन की तरफ से नगराधीश अश्वनी कुमार व तहसीलदार उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।