पूर्व हॉकी स्टार मनदीप ने मोनिका से की सगाई, खेल की कई हस्तियां भी पहुंची

3/27/2017 11:01:23 AM

सोनीपत (पवन राठी):सोनीपत में भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान मनदीप अंतिल ने गांव रतनगढ़ की रहने वाली मोनिका से सगाई कर ली है, जिस दौरान खेल जगत की कई हस्तियां भी शामिल हुईं। जल्द ही वे शादी के बंधन में भी बंधने वाले हैं। इस रिश्ते से खुशी जाहिर करते हुए मनदीप ने कहा कि उनकी शादी पारिवारिक रजामंदी से तय हुई है। मनदीप की मंगेतर मोनिका रिश्तेदारी में से ही हैं, जो केंद्रीय विद्यायल की जूनियर विंग के लिए सैलेक्ट हो चुकी हैं।

जानिए, सगाई के बाद क्या बोलीं मोनिका 
मंगेतर मोनिका दहिया ने कहा कि वे मंदीप को शुभकामना देती हैं कि वह शादी के बाद देश के लिए बेहतर खेलें। वह उनका सदैव साथ देंगी। परिवार ने दोनों को बेहतर जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस तारीख को करेंगे शादी  
मनदीप आंतिल और शिक्षिका मोनिका 19 अप्रैल को शादी के बंधन में बंध जाएंगे। इस बारे में मनदीप ने बताया कि उनके लिए मोनिका को उनके घरवालों ने ही पसंद किया था, जो भाभी की दूर की एक रिश्तेदारी में पड़ती हैं। मोनिका सोनीपत जिले के गांव रतनगढ़ के संभ्रांत परिवार से संबंध रखती हैं। वह B.Tech कर चुकी हैं तो इसके अलावा हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) और केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) भी क्लियर कर चुकी हैं। 

International प्रतियोगिताएं खेल चुके हैं मनदीप
सोनीपत जिले के गांव कुराड़ इब्राहिमपुर के रहने वाले करीब 29 वर्षीय मनदीप आंतिल भारतीय हॉकी टीम के कैप्टन रह चुके हैं और कई बार अजलान शाह हॉकी कप खेल चुके हैं। वहीं कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खेल चुके हैं। वह सन 2008 से ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉर्पोरेशन में एग्जेक्यूटिव ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं और इसी संस्थान की तरफ से हॉकी में नाम कमा चुके हैं। 

2007 में मनदीप ने की थी हॉकी खेलने की शुरुआत
मीडिया से खास बातचीत में मनदीप आंतिल ने बताया कि सात भाइयों में वह सबसे छोटे हैं और उनके 2 बड़े भाई प्रदीप और संदीप आंतिल भी हॉकी प्लेयर हैं। उन्हीं के पदचिह्नों पर चलते हुए मनदीप ने 2007 में सोनीपत के सीआजैड स्कूल से हॉकी खेलना शुरू किया था। वह कई बार सुल्तान अजलान शाह हॉकी कप में देश के लिए खेल चुके हैं। वहीं 2008 में हैदराबाद में हुई साउथ एशियन गेम्स में उन्होंने गोल्ड मैडल हासिल किया। 2012 में ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया तो हाल ही में 2016 में आयोजित साउथ एशियन गेम्स में उन्होंने इंडियन हॉकी टीम की कप्तानी करते हुए सिल्वर मैडल हासिल किया। इसके अलावा 2013, 2014 और 2015 में हाॅकी इंडियन लीग में उड़ीसी की कलिंगा लांसर टीम में खेले तो 2017 में दिल्ली की टीम में उन्होंने अपना अहम योगदान दिया।