"विकास की बजाय विनाश कर दिया रानियां का..." जजपा के पूर्व विधायक कृष्ण कंबोज ने थामा कांग्रेस का ''हाथ''

punjabkesari.in Saturday, Aug 10, 2024 - 07:15 PM (IST)

सिरसा: हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। सभी राजनीतिक दलों के नेता रैली और जनसभाओं में व्यस्त हैं। इस कड़ी में सिरसा जिले के रानियां में कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं रोहतक से सांसद दीपेन्द्र हुड्डा की मौजूदगी में कई सारे नेताओं ने कांग्रेस का दामन थामा। बता दें कि रानियां विधानसभा सीट से पूर्व विधायक कृष्ण कंबोज ने जजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ले ली। उन्होंने जजपा के शीर्ष नेतृत्व पर रानियां विधानसभा क्षेत्र और कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी हाईकमान को कई बार इससे अवगत कराया गया, लेकिन कोई सुध नहीं ली गई। रानियां हल्का विकास के मामले में पिछड़ता ही चला गया, जबकि हमारी पार्टी बीजेपी के साथ गठबंधन सरकार में सहयोगी थी।

अनदेखी का शिकार बना रानियां हलका: कृष्ण कंबोज

पूर्व विधायक कृष्ण कंबोज ने कहा कि जजपा ने रानियां विधानसभा क्षेत्र का ठेका एक व्यक्ति को ही दे रखा था, जिसने विकास करने की बजाय रानियां का विनाश ही किया है। पिछले 10 सालों से  रानियां क्षेत्र अनदेखी का शिकार हो रहा है। इसके लिए यहां से निर्वाचित विधायक और प्रदेश की बीजेपी सरकार जिम्मेदार है। आज रानियां विधानसभा क्षेत्र नशे का केंद्र बन चुका है और यहां के युवा नशे के दलदल में फंसकर अपनी जान गंवा रहे हैं। बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार ने क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार किया. जिससे दुखी होकर उन्होंने जननायक जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामने का निर्णय लिया। 

जजपा के पूर्व प्रदेश महासचिव भी रह चुके हैं कृष्ण कंबोज 

बता दें कि रानियां से पूर्व विधायक कृष्ण कंबोज जजपा के पूर्व प्रदेश महासचिव भी रह चुके हैं। इसके अलावा 2019 विधानसभा चुनाव में गुरुग्राम से निर्दलीय प्रत्याशी मोहित ग्रोवर, रिटायर्ड IAS विकास यादव और जिला परिषद पंचकुला के पूर्व चेयरमैन राजेश कोना आदि अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Saurabh Pal

Related News

static