हुड्डा के करीबी नेता पूर्व मंत्री पंडित शिव चरण लाल शर्मा का निधन

9/12/2018 8:29:22 PM

फरीदाबाद(अनिल राठी): हरियाणा के फरीदाबाद जिले से पूर्व मंत्री पंडित शिव चरण लाल शर्मा का निधन हो गया। पूर्व मंत्री ने सुबह  2 बजकर 52 मिनट पर अंतिम सांस ली। उनके निधन से हरियाणा ने एक अच्छा नेता खो दिया है। सभी पार्टियों के चहेते नेता होने की वजह से रात्रि से ही उनके घर पर लोगों के आने का तांता लगा रहा। पंडित शिव चरण लाल शर्मा के शव को उनके आवास जवाहर कालोनी लाया गया है, उनके निवास पर लोग अंतिम दर्शन के लिए काफी तादाद में लोग पहुंचे। अंतिम संस्कार के लिए उनके शव को गढ़ गंगा ले जाया गया।

स्वर्गीय पंडित शिव चरण लाल शर्मा अपने पीछे बहुत बड़ा परिवार छोड़ गए हैं, परिवार में उनकी पत्नी माया शर्मा सहित उनके पुत्र मुकेश शर्मा, नीरज शर्मा, मुनेश शर्मा सहित कई पोते पोतियां हैं। हाल में ही उनकी तबियत ज्यादा खराब होने पर उन्हें एक निजी हॉस्पिटल ले जाया गया था। पंडित शिव चरण लाल शर्मा की पहचान एक विकास पुरुष नेता की थी। नगर निगम के पार्षद, वरिष्ठ उप महापौर के बाद वो एनआईटी फरीदाबाद के विधायक बने और भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार में मंत्री बने। उनके निधन से फरीदाबाद में शोक की लहर है।

हुड्डा के बेहद करीबी थे शिवचरण लाल शर्मा
2009 में पंडित शिवचरण लाल शर्मा ने एनआईटी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ा था। इसमें उन्होंने कांग्रेस के कद्दावर नेता और तत्कालीन हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे एसी चौधरी को हराया था। तब चुनाव के बाद सरकार बनाने के लिए कांग्रेस के पास पर्याप्त विधायक होने से पंडित शिवचरण लाल शर्मा सहित कई निर्दलीय विधायकों ने समर्थन दिया था। इसके बाद तत्कालीन हुड्डा सरकार में पंडित शिवचरण लाल शर्मा को राज्यमंत्री बनाया गया था।

कैबिनेट मंत्री रामबिलास शर्मा की माता का निधन, कल होगा अंतिम संस्कार

यूंह तय किया राजनीतिक सफर
पंडित शिवचरण लाल शर्मा 1994 में गठित फरीदाबाद के पहले नगर निगम से लेकर 2005 तक हुए सभी निगम चुनावों में पार्षद का चुनाव जीते थे। दो बार फरीदाबाद नगर निगम के वरिष्ठ उपमहापौर और इसी दौरान कार्यकारिणी महापौर भी रहे। शर्मा सुपर बाजार के डायरेक्टर भी रह चुके हैं। वर्ष 2009 में एनआईटी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक बने। इसके बाद हुड्डा सरकार में श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री रहे।

Shivam