जमीनी विवाद के चलते की गई थी पूर्व मंत्री के ड्राइवर की हत्या, पुलिस जांच में हुआ खुलासा

5/27/2023 9:26:53 PM

पलवल (रुस्तम जाखड़) : पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल के ड्राइवर औरंगाबाद निवासी राजेन्द्र की हत्या जमीनी विवाद के चलते उसके ही भतीजों ने की है। इस बात का खुलासा पुलिस ने किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। अभी तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

डीएसपी नरेश कुमार ने बताया कि मृतक राजेन्द्र व हत्यारोपित भतीजों से पुराना जमीनी विवाद चल रहा था। जिसके चलते भतीजे पुष्पेंद्र और रोहतास ने राजेन्द्र को गोली मार दी। जिसे उपचार के लिए फरीदाबाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां राजेन्द्र ने दम तोड़ दिया। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब राजेन्द्र गांव की मार्केट से वापस अपने घर की तरफ आ रहा था। उसी समय घात लगाए दोनों भतीजों ने उसके पेट में गोली मार दी। गोली मारने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने गंभीर अवस्था में राजेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

बता दें कि मृतक करीब 25 सालों से पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ड्राइवर की नौकरी कर रहा था। मृतक राजेन्द्र के भतीजे जवाहर के बयान पर मृतक के ही दो भतीजों पर मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)   

Content Editor

Mohammad Kumail