3 साल बाद पूर्व मंत्री संपत सिंह की घर वापसी, शाम 4 बजे हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस में होंगे शामिल

8/8/2022 10:02:22 AM

हिसार: पूर्व मंत्री संपत सिंह आज तीन साल बाद कांग्रेस में वापसी करेंगे। संपत सिंह शाम 4 बजे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदय भान व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में चंडीगढ़ में अपने साथियों के साथ कांग्रेस में शामिल होगें। इस दौरान राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस कार्यालय की सिंह की घर वापसी के बाद पार्टी नेताओं द्वारा एक प्रेसवार्ता को भी संबोधित किया जाएगा। माना जा रहा है कि संपत सिंह कांग्रेस की टिकट पर आदमपुर विधानसभा के आगामी उपचुनाव में बीजेपी के संभावित उम्मीदवार कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरेंगे।

 

बोले- आदमपुर में बीजेपी को हराने के लिए लगाऊंगा पूरा जोर

 

आदमपुर उपचुनाव के लिए कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ने के सवाल पर पूर्व मंत्री पहले ही साफ कर चुके हैं कि इसका फैसला पार्टी आलाकमान का होगा। उन्होंने कहा कि चाहे वे खुद चुनाव लड़ेंगे या कोई और चुनाव लड़े, लेकिन बीजेपी को हराने के लिए वे अपना पूरा दम लगा देंगे। संपत सिंह ने कहा कि आदमपुर के पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई कांग्रेस में रहकर भी भाजपा के लिए काम रहे थे। यही कारण है कि आदमपुर में विकास नहीं हुआ है। आदमपुर की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में बढ़ रही बेरोजगारी, बुढ़ापा पेंशन में कटौती और किसानों की समस्याओं पर आदमपुर में भी उपचुनाव लड़ेंगी।

 

2019 में कांग्रेस का दामन छोड़ भाजपा की रैलियों का बने थे हिस्सा

 

छह बार के विधायक सिंह ने 2019 में कांग्रेस छोड़ दी थी और बाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े रहे। हालांकि उन्होंने दावा किया कि वह कभी भी औपचारिक रूप से सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल नहीं हुए। उन्होंने कहा, ‘‘मैं कुछ समय तक भाजपा से जुड़ा रहा, हालांकि मैं कभी औपचारिक रूप से इस पार्टी में शामिल नहीं हुआ और न ही किसी पद पर रहा। मैं कांग्रेस छोड़ने के बाद 2019 में भाजपा की चुनावी रैलियों में शामिल हुआ था।’’

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भीबस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan