जेल मेेें पूर्व विधायक बड़शामी की तबीयत बिगड़ी, ट्रामा सेंटर से अंबाला रेफर

12/10/2019 12:07:06 PM

यमुनानगर: अपने ही वर्कर की जमीन का धोखे से सौदा करने के आरोपी लाडवा के पूर्व विधायक शेर सिंह बड़शामी की तबीयत खराब हो गई। उन्हें रात को ही जेल से यमुनानगर ट्रामा सेंटर में रेफर किया गया। जब उन्हें ट्रामा सेंटर लाया गया, उनके सीने और पेट में दर्द था। ब्लड प्रेशर चेक किया तो वह भी हाई मिला। रात को ही उन्हें यहां पर एडमिट कर लिया गया। जब उनकी ईसीजी की गई तो उसकी रिपोर्ट देखते ही डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। 

इसके बाद उन्हें अम्बाला कैंट के गवर्नमेंट अस्पताल में स्थित हार्ट सेंटर या फिर पीजीआई चंडीगढ़ ले जाने की सलाह दी गई। जेल सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा में उन्हें यहां से रेफर किया गया। परिवार के लोग उन्हें अम्बाला ले गए हैं। उधर, पूर्व विधायक के वकील की तरफ से जमानत के लिए लगाई याचिका वापस ले ली गई। वहीं उनकी तरफ एक एप्लीकेशन कोर्ट में मेडिकल सुविधा की लगाई गई थी। 

पूर्व विधायक के जेल से ट्रामा सेंटर में भर्ती होने के बाद यह एप्लीकेशन भी उनके वकील ने वापस ले ली। बता दें जेबीटी भर्ती घोटाले में सजा होने के बाद शेर सिंह को मेडिकल ग्राउंड पर जमानत मिली थी। हालांकि बाद में उनकी जमानत रद्द कर दी गई थी।

शिकायतकर्ता ने जान को बताया खतरा  
शिकायतकर्ता कर्मवीर खुर्दबन एक बार फिर से कोर्ट पहुंचे हैं। उनके वकील की तरफ से कोर्ट में एक एप्लीकेशन लगाई गई है। इसमें कहा गया है कि कर्मवीर की जान को खतरा है। उसे धमकियां दी जा रही हैं। इसलिए उन्हें सुरक्षा दी जाए। इस पर कोर्ट ने सुनवाई शुरू कर दी है।

Edited By

vinod kumar