उकलाना पहुंचे सुभाष बराला, फोरलेन रोड का किया शिलान्यास

3/24/2018 12:13:53 PM

उकलाना(पासा राम): भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने सुरेवाला चौक से लेकर गांव शंकरपुरा तक फोरलेन रोड का शिलान्यास किया। सुरेवाला अनाज मंडी के पास कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें सुभाष बराला मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचे और नारियल तोड़कर कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के चेयरमैन श्रीनिवास गोयल ने की। बराला ने कहा कि सुरेवाला चौक से शंकरपुरा तक के लगभग 8 किलोमीटर के इस रोड को 20 करोड़ रुपए से फोरलेन बनाया जाएगा। जिससे लोगों को बहुत फायदा होगा।

सरसों खरीद में आ रही दिक्कत का होगा समाधान: बराला
बराला ने कहा कि सरकार पहली बार सरसों की 4 हजार रुपए प्रति क्विंटल पर सरकारी खरीद कर रही है। सभी मंडियों में सरसों की खरीद सुचारू रूप से चल रही है और अगर कहीं दिक्कत हुई तो उसका भी समाधान करवाया जाएगा।

ई पंचायत का होगा फायदा, सरपंच व ग्राम सचिव न करें विरोध: बराला
बराला ने कहा कि सरकार द्वारा पारदर्शिता लाने के लिए ई पंचायत की जा रही हैं। जिसका सरपंच व ग्राम सचिव विरोध कर रहे हैं। ई स्कीम होने के कारण कुछ परेशानी हो सकती है लेकिन आने वाले समय में इसका बहुत फायदा होगा। सरपंच व ग्राम सचिव सरकार के साथ मिलकर इस स्कीम को कामयाब बनाएं।

इनेलो घोटाले की बात कर जनता को कर रही गुमराह: बराला  
सुभाष बराला ने कहा कि भाजपा प्रदेश में एक साफ सुथरी सरकार दे रही है लेकिन इनेलो सांसद दुष्यंत चौटाला सरकार पर किचड़ उछाल रहे हैं। दुष्यंत चौटाला ने जनता को भ्रमित करते हुए कहा कि हिसार में 300 करोड़ रुपए का दवा घोटाला हुआ है। जबकि दवा कुल 40 लाख रुपए की खरीदी गई। उन्होंने कहा कि दुष्यंत जनता को इसका जवाब दें कि यह झूठ कैसे बोल रहे हैं। जनता हिसाब करना जानती है और उन्होंने इनेलो से पहले भी हिसाब किया था और आने वाले समय में भी करेगी।

बराला ने कहा मंत्रियों में कोई नाराजगी नहीं
बराला ने कहा कि सरकार का कोई मंत्री नाराज नहीं है। मंत्रियों को एक महीने के लिए तबादलों का अधिकार रुटीन में दिया गया है। विपक्षी दल मंत्रियों के नाराज होने की बेवजह अफवाह फैला रहे हैं। सरकार समय-समय पर तबादले खोलती भी और बंद भी करती रहती है। 
 

Punjab Kesari