हरियाणा में एक दिन में चार हत्याओं से चरमराई कानून व्यवस्था, सरकार का दावा सबकुछ ठीक

8/1/2020 5:11:23 PM

डेस्क: सेवा, सुरक्षा व सहयोग का नारा देने वाली हरियाणा पुलिस सेवा तो दे रही है, लेकिन इस सेवा में जनता को सुरक्षा व सहयोग न के बराबर ही मिल रहा है। प्रदेश में अपराधी प्रवृत्ति के लोगों में से पुलिस का खौफ दूर होता जा रहा है। जबकि प्रदेश सरकार का कहना है उनके राज्य में कानून व्यवस्था बेहतर चल रही है। सरकार के इस दावे की हवा तो उसी समय निकल गई, जब नामी गैंगस्टर विकास दुबे हरियाणा में शरण लेने के बाद यहां से फरार हो गया था।

वहीं हालिया हालातों पर नजर डालें तो प्रदेश में चरमराई कानून व्यवस्था का जीता जागता उदाहरण आज शनिवार को सामने आए चार हत्याओं के मामलों से मिलता है। ये चारों हत्याएं अलग-अलग जिलों में हुई हैं, जिनमें से दो महिलाओं के कत्ल को अंजाम दिया गया। जिससे यह भी साबित होता है सरकार व प्रदेश पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा को लेकर किए जाने वाले बड़े-बड़े दावे खोखले हैं।



आइए नजर डालते हैं, आज के मामलों पर, जिनमें जींद के नरवाना में एक महिला की हत्या, करनाल के निसिंग में एक महिला का शव झाडिय़ों में मिला है। वहीं पलवल जिले में एक व्यक्ति ने अपने भतीजे को चाकू घोंपकर मार डाला। चौथा मामला बेहद संगीन है, इसमें झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में दो युवकों को गोली मारी गई, जिनमें से एक की मौत हो गई, वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

जानिए कहां कैसे सामने आए मामले, पहला मामला-
जींद जिले के नरवाना में एक देवर ने अपनी भाभी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना उपमंडल के गांव मंगलपुर की है। यहां फतेहाबाद के सनियाना की रहने वाली 25 वर्षीय महिला ब्याही गई थी। बताया जा रहा है कि ससुराल में उसका देवर उसके चरित्र पर शक करता था, इसलिए उसने महिला की हत्या कर दी। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी देवर मदन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।



दूसरा मामला- झाडिय़ों में मिला शव, पति बहला-फुसला कर ले गया था साथ 
करनाल सदर बाजार की रहने वाली तीस वर्षीय महिला की निसिंग में हत्या गई है, जिसका शव झाडिय़ों में मिला और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि महिला की गला घोंट कर हत्या की गई है। वहीं बताया जा रहा है कि महिला व उसके पति के बीच तलाक का मुकदमा कोर्ट में चल रहा है। महिला को उसका पति ही बीते दिन बहला फुसलाकर गया था, परन्तु महिला की हत्या के बाद से वह फरार चल रहा है।



बताया जा रहा रहा है कि मृतका नीरू की शादी निसिंग के रहने वाले शीशपाल उर्फ राहुल के साथ 6 साल पहले हुई थी। शादी के बाद उनकी दो लड़कियां भी हो गई। परन्तु आपसी झगड़े के कारण तलाक की नौबत आ गई। नीरू करनाल में बच्चियों के साथ रह रही थी। 31 जुलाई को राहुल करनाल आया और नीरू को अपने साथ ले गया। जिसके बाद शाम को उस नीरू की लाश निसिंग में सड़क के साथ लगती झाडिय़ों में मिली। वहीं पुलिस ने पति सहित चार खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जल्दी गिरफ्तारी की बात कही है।

तीसरा मामला- चाचा ने भतीजे को मौत के घाट उतारा
पलवल जिले के शहर थाना इलाके के गांव घुघेरा में तकरीबन 6 दिन पहले घर में घुसकर एक युवक ने अपने भतीजे के पेट चाकू घायल कर दिया घायल कर दिया था। घायल युवक की बीती रात अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। 



घुघेरा निवासी राजपाल के मुताबिक उसका 25 वर्षीय भतीजा जितेंद्र 26 जुलाई की रात को घर मौजूद था। तभी रात करीब 12 बजे जितेंद्र के तीन चाचा वीरेंद्र, सुरेश और चेतन उसके घर में घुस गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान तीनों में से एक ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया और घायल हालत में उसे छोड़ कर फरार हो गए। आनन-फानन में घायल जितेंद्र को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। करीब 5-6 दिन मौत से लडऩे के बाद बीती रात उसने दम तोड़ दिया। इस बारे मे शहर थाना एसएचओ नायब सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों वीरेंद्र, सुरेश व चेतन पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्या करने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।

चौथा मामला- गोली मारकर युवक की हत्या, दूसरे को किया घायल
बहादुरगढ के आसौदा गांव में रंजिश के चलते एक युवक की हत्या कर दी गई। देर रात दो मोटरसाइकिल पर आए 6 बदमाशों ने गली में खड़े दो दोस्तों पर गोलियां चला दी। गोली लगने से रविन्द्र उर्फ धोला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गुलाब गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल गुलाब को उपचार के लिए निजी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। 



बताया जा रहा है कि 2015 में खेल को लेकर गांव के रस्को और सुरेश पक्ष में कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश में तीन हत्याएं पहले हो चुकी हैं, जबकि चौथी हत्या देर रात कर दी गई। दोनों पक्षों पर हत्या के प्रयास के मुकदमे भी दर्ज हैं। डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि देर रात हुए गोली कांड में मारे गए रविन्द्र पर भी एक मामला पहले से दर्ज है। वहीं घायल गुलाब पर भी पुलिस थाने में आपराधिक मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस ने 6 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमो का गठन भी कर दिया गया है।

Shivam