हरियाणा के चार पहलवान दंपति इंदौर में देंगे एक दूसरे को टक्कर (देखें तस्वीरें)

11/17/2017 5:31:05 PM

चंडीगढ़: मध्यप्रदेश के इंदौर में आयोजित होने वाली महिला कुश्ती व पुरूष कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन होने वाला है। इसमें भाग लेने वाले 9 प्रतिभागी हरियाणा से हैं, और इनमें चार जोडिय़ां पति-पत्नी हैं। हालांकि इस प्रतियोगिता में पांच दंपति जोडिय़ां पूरी हो जाती लेकिन पांचवीं जोड़ी पर डोपिंग के आरोप के कारण उसमें से केवल एक ही प्रतिभागी शामिल किया गया है। इस तरह से हरियाणा से ही चार दंपतियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेना ऐतिहासिक माना जाएगा। हालांकि ये सभी खिलाड़ी हरियाणा के ही हैं लेकिन ये अलग-अलग टीमों की ओर से दावेदारी पेश करेंगे।

कौन-कौन सी जोडिय़ां आएंगी मैदान में...?
गुरुवार से इंदौर में 62वीं पुरुष और 20वीं राष्ट्रीय महिला कुश्ती प्रतियोगिता शुरू हो रही है। जिसमें महिला कुश्ती में रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक 62 किग्रा वर्ग में वहीं उनके पति सत्यवर्त कादयान 97 किग्रा वर्ग में अपनी चुनौती पेश करने उतरेंगे। दोनों ही खिलाड़ी रेलवे की तरफ से खेलेगी।

दूसरी जोड़ी के रूप में दंगल गर्ल गीता फोगाट और उनके पति पवन कुमार भी इस प्रतियोगिता में दमखम दिखाने जा रहे हैं। ओलिंपियन गीता फौगाट 59 किग्रा वर्ग में मैदान पर उतरेंगी और उनके पति पवन कुमार 86 किग्रा वर्ग में खेलेंगे।



वहीं श्रीभगवान और रितु मलिक की जोड़ी भी उतरेगी। श्रीभगवान ग्रीको रोमन स्पर्धा के 71 किग्रा वर्ग में प्रदर्शन करेंगे। उनकी पत्नी रितु मलिक रेलवे टीम की तरफ से 65 किग्रा वर्ग में खेलेंगी।



चौथी जोड़ी के रूप में राहुल मान और उनकी पत्नी सरिता मोर हैं। सरिता 59 किग्रा वर्ग में खेल रही हैं वहीं उनके पति 65 किग्रा में दावेदारी पेश करेंगी। यह दोनों पहलवान भी रेलवे की तरफ से खेल रहे हैं।



बता दें कि, नरसिंह यादव औऱ उनकी पत्नी शिल्पी इस प्रतियोगिता में पांचवी जोड़ी होती लेकिन ओलंपिक के दौरान डोपिंग के चलते विवादों में रहने वाले पहलवान नरसिंह यादव प्रतिबंध के चलते खेल का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। लेकिन उनकी पत्नी शिल्पी हरियाणा टीम की तरफ से खेलेंगी।