विजय माल्या के खुलासे ने खोली भाजपा के भ्रष्टाचार की कलई: तंवर

9/14/2018 9:55:48 AM

फरीदाबाद(गोयल) : कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा कि विजय माल्या के खुलासे के बाद भाजपा सरकार का चाल, चरित्र, चेहरा देश की जनता के सामने आ गया है।माल्या ने साफ तौर पर कहा है कि देश छोडऩे से पहले उन्होंने भारत सरकार के वित्तमंत्री अरुण जेटली को सभी चीजों से अवगत करवा दिया था। इससे साफ हो गया है कि विजय माल्या का माल देश में सत्ता के शिखर पर बैठे किन-किन नेताओं ने खाया है। 

उन्होंने कहा कि राफेल घोटाले के बाद अब विजय माल्या के बयान ने भाजपा के भ्रष्टाचार की कलई खोल दी है कि किस तरह से देश का चौकीदार कहलवाने वाले भागेदार बनकर भ्रष्टाचार के दलदल में फंसे हैं। तंवर ने फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में साइकिल यात्रा के दौरान सभाओं को भी संबोधित करते हुए राफेल डील, पैट्रोल-डीजल के दामों में बेतहाशा वृद्धि आदि को लेकर भाजपा सरकार पर कड़़े पहार किए। बाद में उन्होंने इन्हीं सवालों को लेकर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिला उपायुक्त को सौंपा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने प्रदेश में प्रतिपक्ष के नेता अभय चौटाला पर भी खुलकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अहंकार के चलते ही प्रदेश की जनता ने 15 साल से सत्ता से दूर रखे हुए है और आगे भी ऐसे कर्मो के चलते जनता इन्हें सत्ता की कुर्सी पर नहीं बिठाएगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से यात्रा में लोगों का जनसैलाब उमड़ रहा है, उससे साफ है कि फरीदाबाद के लोग सत्तारुढ़ भाजपा से दुखी व परेशान है और लोगों की मौजूदगी ने तय कर दिया है कि प्रदेश में बनने वाली अगली सरकार कांग्रेस की होगी वही देश में प्रधानमंत्री की कुर्सी पर राहुल गांधी विराजमान होंगे।

इस अवसर पर अशोक तंवर ने राफेल डील में प्रधान सेवक मोदी की भागीदारी को उजागर करने के लिए पानीपत में 30 सितम्बर को होने वाली राफेल पोल-खोल रैली के लिए भी फरीदाबाद वासियों को निमंत्रण दिया। तंवर आज अपनी साईकिल यात्रा के दौरान दूसरे दिन फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी के सेक्टर-9 स्थित कार्यालय कार्यालय पर आयोजित विशाल स्वागत समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। इस दौरान उनका गर्मजोशी के साथ जहां पगड़ी बांधकर जोरदार स्वागत किया। वहीं हजारों की संख्या में मौजूद महिलाओं ने देश.विदेश में प्रसिद्ध बंचारी की नगाडा पार्टी की थाप पर नाच गाकर महिला शक्ति की अनूठी छाप छोड़ी। 

 

Rakhi Yadav