कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर आई सड़कों पर, तंवर समर्थकों ने फूंका हुड्डा का पुतला

2/28/2017 4:12:41 PM

रोहतक (दीपक भारद्वाज):आखिरकार कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर जनता के सामने रोड पर नजर आने लगी है। जिसका नजारा रोहतक के कांग्रेस भवन के सामने देखने को मिला। जहां तंवर गुट के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का पुतला फूंका और कांग्रेस हाईकमान से भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को पार्टी से बाहर निकालने की मांग की। यहीं नहीं कार्यकर्ताओं ने भूपेन्द्र हुड्डा पर भाजपा के साथ मिलीभगत कर पार्टी के साथ गद्दारी करने का भी आरोप लगाया। इस घटनाक्रम के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से पुतला छीनने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस भवन के सामने भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का पुतला जलाया।

कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव कुलताज सिंह ने कहा कि भूपेन्द्र सिंह हुड्डा पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर व विधायक दल की नेता किरण चौधरी के खिलाफ भाजपा के साथ मिलकर साजिश रच रहे हैं। कांग्रेस के कुछ विधायक प्रदेशाध्यक्ष व विधायक दल की नेता को पद से हटाने की मांग को लेकर इस्तीफा देने की बात कर रहे, जोकि पार्टी हित में नहीं है। पूरी पार्टी के कार्यकर्ता डॉ. तंवर व किरण चौधरी के साथ हैं। अगर इस्तीफा देना है तो प्रदेश के मुद्दों को लेकर इस्तीफा दिया जाएगा, जिसमें एसवाइएल, जाट आरक्षण जैसे काफी मुद्दे हैं। उन्होंने कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मांग की है कि वे तुंरत भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाएं, ताकि पार्टी का अस्तित्व बना रहे। इससे पहले कांग्रेस भवन में बैठक कर कार्यकर्ताओं ने भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के खिलाफ अपना विरोध जताया और पुतला लेकर कार्यालय से बाहर आ गए। इसे देखते हुए सिविल लाइन पुलिस व डीएसपी पुष्पा खत्री मौके पर पहुंची और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुतला छीनने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजूदगी में पूर्व सीएम हुड्डा के पुतले में आग लगा दी।