हरियाणा कांग्रेस के 5 विधायकों को नया नोटिस, लिखा- 7 दिन में जवाब नहीं दिया तो...
punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 10:46 AM (IST)
चंडीगढ़ : हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने के मामले में कांग्रेस ने अपने 5 विधायकों को नए सिरे से नोटिस जारी किया है। पहले जारी नोटिस में क्रॉस वोटिंग का कहीं भी जिक्र नहीं था, उसमें केवल कैंसिलेशन इनवैलिडिटी लिखा गया था लेकिन इस नए नोटिस में क्रॉस वोटिंग करने का जिक्र है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक वोट कैंसिल या इनवैलिड होने की तकनीकी वजह भी हो सकती है लेकिन क्रॉस वोट जानबूझ कर किया जाता है और यह पार्टी के नजरिए से ज्यादा गंभीर है। इसी वजह से पहले नोटिस के बाद अब नया नोटिस जारी किया है। इसमें भाषा सख्त है और इसे पार्टी विरोधी गतिविधि माना गया है।
कांग्रेस अनुशासन समिति के चेयरमैन धर्मपाल मलिक की ओर से 4 विधायकों रेनू बाला, शैली चौधरी, मोहम्मद इजराइल और मोहम्मद इलियास को 19 मार्च को नोटिस जारी हुआ। वहीं रतिया विधायक जरनैल सिंह को 20 मार्च को नोटिस जारी हुआ। अब इन सभी को नया नोटिस शुक्रवार शाम को जारी किया। अनुशासन समिति के सदस्य सचिव एडवोकेट रोहित जैन ने कहा कि चेयरमैन के निर्देश पर नया नोटिस जारी किया गया है।
नए नोटिस में क्या लिखा
पहले नोटिस के क्रम में पार्टी लीडरशिप के संज्ञान में लाया गया है कि 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव में आपने अपना वोट कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी कर्मवीर बौद्ध को नहीं दिया जिनका नाम बैलेट पर सीरियल नंबर-1 पर था। आपने दूसरे प्रत्याशी की फेवर में वोट दिया। इससे ऐसा लगता है कि पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को हराने के लिए जानबूझ कर ऐसा किया और पार्टी के अनुशासन को तोड़ा है। ऐसा करना पार्टी विरोधी गतिविधि है। यह पार्टी निष्ठा व आदर्शों के खिलाफ है। 7 दिन में जवाब दें कि क्यों न आपके खिलाफ इस अनुचित आचरण के लिए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए? यदि निर्धारित समय में जवाब नहीं है तो और अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)