फेसबुक पर बने दोस्त ने शादी का झांसा देकर करवाया तलाक, दुष्कर्म कर बनाई अश्लील वीडियो

12/31/2020 10:14:56 AM

यमुनानगर : छछरौली थाना क्षेत्र की 26 वर्षीय महिला की शिकायत पर महिला थाना ने राजस्थान के चुरू जिले के जाटो का नगर निवासी राकेश कुमार पर दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक वर्ष 2017 में महिला की शादी हुई थी। 2018 में वह फेसबुक के माध्यम से राकेश के संपर्क में आई। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया। वर्ष 2019 में राकेश उससे मिलने के लिए उसके घर आया और शादी का झांसा दिया। दोनों के बीच चल रहे प्रेम प्रसंग के बारे में महिला के पति को पता चल गया, जिससे उनके बीच मन-मुटाव रहने लगा।

वर्ष 2020 में पति ने महिला से तलाक ले लिया। इसके बाद वह खुलकर राकेश के साथ बात करने लगी। नामजद कई बार महिला से मिलने के लिए छछरौली आया। एक दिन वह घर पर अकेली थी कि तभी आरोपी राकेश ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने उसकी अश्लील फोटो खींची व वीडियो भी बनाई व उसे शादी का झांसा दिया। इस बारे में महिला ने अपने स्वजनों को बताया तो वे शादी को तैयार हो गए थे, लेकिन राकेश ने इंकार कर दिया। जब महिला ने उस पर शादी का दबाव बनाया तो वह अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। इसके बदले में आरोपी ने एक लाख 35 हजार रुपए भी महिला से ऐंठे। बाद में वह 10 लाख रुपए देने का दबाव बनाने लगा। परेशान होकर पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत दी। मामले की जांच कर रही ए.एस.आई. मीना ने बताया कि जल्द ही आरोपी को जांच में शामिल किया जाएगा। 

Manisha rana