जी-20 बैठक से विदेशों में और बढ़ेगा हरियाणा का रुतबा: डा. संजय शर्मा

3/2/2023 9:11:01 AM

चंडीगढ़ (धरणी) : हरियाणा अब एग्रीकल्चर नहीं ऐवरी कल्चर का गढ़ बन चुका है। पिछले 8 साल में हरियाणा की छवि दुनियाभर में निखरी है। विदेशी पूंजी निवेश के मामले में हरियाणा अग्रणी राज्यों में है। अब यहां हो रहे जी-20 समूह की बैठक के बाद तो हरियाणा का ग्राफ और ऊपर जाएगा। यह कहना है कि भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश मीडिया एवं सोशल मीडिया डा. संजय शर्मा का।

डॉ. शर्मा ने कहा कि जिस हरियाणा में कभी उद्योगों में हड़ताल, आगजनी की घटनाएं आम बात थी, आज वह हरियाणा शांति के साथ विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। भाजपा सरकार में हरियाणा में जापान के मारुति जैसे उद्योग ने अपना विस्तार करके इस बात पर मुहर लगा दी है कि उद्योगों के लिए शांतिप्रिय जगह और कोई नहीं हो सकती। होंडा जैसी कंपनियां भी आगे आई और अपने उद्योग का विस्तार किया। उन्होंने कहा कि जी-20 समूह की बैठक में आए प्रतिनिधियों के सामने भी यह तस्वीर साफ है कि यहां का माहौल हर तरह से अनुकूल है। जिस विषय पर वे चर्चा करने आए हैं, उस पर हरियाणा सरकार पहले से ही सख्त है। भ्रष्टाचार का खात्मा करने के लिए हर स्तर पर काम हो रहा है। डा. संजय शर्मा ने कहा कि भ्रष्टाचार किसी एक प्रदेश से नहीं, देश से नहीं बल्कि पूरी दुनिया से खत्म होना चाहिए। इसके बाद हर क्षेत्र बेहतरी से आगे बढ़ेगा। नौकरियों में पारदर्शिता और प्रशासनिक कार्यों में ईमानदारी लाना ही हमारा मुख्य ध्येय है। उन्हें खुशी है कि पिछले 8 साल में इन दोनों विषयों पर काफी उपलब्धि हासिल कर ली है। 

प्रदेश मीडिया प्रमुख डा. शर्मा  ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज पूरा देश डिजिटल हो चुका है। इसका सबसे बड़ा फायदा आमजन को हो रहा है। काली कमाई करने वालों को डिजिटल लेन-देन के रूप में बड़ी चोट दी गई है। जी-20 एंटी करप्शन वर्किंग ग्रुप की बैठक के बारे में श्री शर्मा ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल पहले से ही तकनीक को लेकर अपडेट रहते हैं। गुरुग्राम में होने वाले इन बैठकों में हरियाणा के सुशासन की भी जानकारी मेहमान लेकर जाएंगे।

Content Writer

Manisha rana