एक बार फिर साइबर सिटी हुई शर्मसार, रात भर कार में महिला से गैंगरेप कर नोएडा की सड़क पर फेंका

6/20/2017 12:11:58 PM

गुड़गांव:एक बार फिर साइबर सिटी गुड़गांव में महिला से हुई दरिंदगी को देख लोग हिल गए हैं। दरअसल, हरियाणा के गुरूग्राम जनपद के सोहना क्षेत्र से एक महिला को स्विफ्ट कार में सवार 3 दरिंदों ने अगवा कर लिया, फिर चलती कार में कथित रूप से पूरी रात उसके साथ बलात्कार करते रहे। उसके बाद महिला को ग्रेटर नोएडा के थाना कासना क्षेत्र में अल सुबह फेंक दिया और फरार हो गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस के अनुसार महिला की हालत ठीक है। 

महिला को कार में पूरी रात सड़क पर घुमाते रहे दरिंदे:SSP
एस.एस.पी. ने बताया कि पूरी रात सड़क पर घुमाने के बाद दरिंदों ने महिला को सुबह थाना कासना क्षेत्र के डब्ल्यूएचआे सोसायटी के पास फेंक दिया और वहां से फरार हो गए। उन्होंने कहा कि महिला को सड़क पर देख किसी राहगीर ने पुलिस को सूचना दी थी। महिला का बयान दर्ज किया जा रहा है तथा घटनास्थल की सही जानकारी के लिए महिला को पुलिस गुरूग्राम जनपद के सोहना लेकर जा रही है। उन्होंने बताया कि महिला मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर की रहने वाली है और कुछ दिन पूर्व ही वह सोहना में रहने के लिए आई थी।