लकड़ी काटने गई महिलाओं के साथ गैंगरेप, पांच युवकों पर लगाया आरोप(video)

12/1/2017 9:13:26 PM

कैथल(जोगिंदर कुंडु): कैथल की बस्ती में रहने वाली दो महिलाओं के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िताओं ने बताया कि आरोपी युवकों ने उनके साथ दुष्कर्म किया, जब वह लकड़ी काटने के लिए गई हुई थीं। इन दो महिलाओं में से एक महिला गर्भवती भी थी। उनका बचाव करने के लिए परिवार के युवक को भी आरोपियों ने पीट दिया। पुलिस ने पीड़िताओं के बयान पर जांच शुरु कर दी है।

जानकारी के मुताबिक कैथल में सपेरा बस्ती की रहने वाली दो महिलाओं (ममता और किरणा)ने पांच युवकों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि, वे खाना बनाने के लिए हर रोज की तरह वीरवार को भी लकड़ी काटने के लिए सिरटा रोड ड्रेन पर गई हुई थी। इसी दौरान पांच युवकों ने उन्हें पकड़ लिया। महिलाओं ने बताया कि, आरोपी युवक उनके साथ जबरदस्ती करने लग गए और सामूहिक बलात्कार किया। पीड़ित महिलाओं में एक की उम्र करीब 25 साल है वहीं दूसरी महिला करीब 6 महीने की गर्भवती बताई जा रही है।



 पीड़िताओं ने बताया कि, उनकी चीख-पुकार सुनकर उन्हें बचाने के लिए आए परिवार के युवक पर आरोपियों ने हमला कर दिया। जिससे की युवक की टांग पर गहरी चोट आई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।



इस मामले में महिला थाना कैथल की एसएचओ निर्मला ने बताया कि, महिलाओं द्वारा दी शिकायत की जांच चल रही है, ये मामला वीरवार का है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनपर कार्रवाई की जाएगी।