CM दौरे से पहले शर्मनाक वारदात, लड़की का अपहरण कर किया गैंगरेप(VIDEO)

6/23/2018 11:54:54 AM

टोहाना (सुशील सिंगला): प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को सांय चार बजे शगुन मैरिज पैलेस में जन संवाद कार्यक्रम में शिरकत करने पंहुच रहे हैं इससे पहले एक शर्मनाक गैंगरेप की घटना सामने आई है। जहां खंड के एक गांव की 15 साल की मानसिक रूप से परेशान किशोरी का अपहरण कर उसके साथ गैंगरेप किया गया। लड़की का 9 दिन पहले अपहरण हुआ था जोकि जाखल से मिली। फिलहाल पुलिस ने लड़की का मेडिकल कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। पूछताछ में लड़की ने दो लड़कों के शामिल होने की बात बताई है। वहीं यह भी पता चला है कि आरोपित युवक अच्छे परिवार के हैं। इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है जिनमें से एक लड़का नाबालिग है। 

9 दिन पहले हुआ था लड़की का अपहरण
जानकारी के अनुसार टोहाना के एक गांव की 15 साल की लड़की के लापता होने की सूचना 13 जून को पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी लेकिन 9 दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा था। अचानक पुलिस को सूचना मिली कि एक लड़की जाखल रेलवे स्टेशन पर अकेली बैठी है। मौके पर जाकर पहचान की गई तो वह वहीं लड़की थी, जिसका अपहरण हुआ था। लड़की डरी सहमी परिजनों से मिली इसके बाद पुलिस ने लड़की को महिला पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने लड़की का देर रात्रि फतेहाबाद में मेडिकल कराया। अभी तक लड़की से पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली है कि दो युवक उसे ले गए थे। उन्होंने उसे जाखल के किसी मकान में रखा जहां उसके साथ रेप किया। 

जिले में 28 दिन में दर्ज हुए 11 दुष्कर्म के मामले
जिले की अगर बात की जाए तो पिछले 25 मई से 22 जून तक करीब एक माह में महिलाओं से दुराचार के 11 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें से तीन मामले सामूहिक दुष्कर्म के हैं। तीन मामलों में से दो में पीड़िता नाबलिग रही है जिनमें से एक मामले में सामूहिक दुष्कर्म की शिकार बच्ची की हत्या कर दी गई थी। पिछले एक माह में जिले में छेड़छाड़ के पांच से ज्यादा मामले आ चुके हैं। 

पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया राउंड अप
डीएसपी जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि लड़की को बरामद कर लिया गया है। जिसका मेडीकल करवाया गया तो उसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने तीन लड़को के खिलाफ पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तीनों लड़कों को राउंड अप कर लिया है। 
 

Nisha Bhardwaj