सौतेले पिता और उसके चाचा पर गैंगरेप के आरोप से मुकरी नाबालिगा

3/3/2019 1:42:21 PM

भिवानी (मोटू): सदर थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 साल की लड़की ने अपने पहले पिता के पास जाने के लिए सौतेले पिता और उसके चाचा पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। इसके अलावा उक्त लड़की ने अपनी सौतेली दादी और एक अन्य महिला पर इस बारे में कहीं शिकायत करने पर उसकी पिटाई करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने जब लड़की की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उसे शनिवार को मैजिस्ट्रेट के सामने पेश किया तो वहां वह अपने बयानों से मुकर गई। पुलिस में दी शिकायत में एक लड़की ने आरोप लगाया कि उसकी मां ने उसके पिता से बिना तलाक लिए दूसरी जगह शादी कर ली। वहीं उसके पिता ने भी दूसरी शादी कर ली तो वह अपनी मां के साथ अपने सौतेले पिता के साथ रहने लगी।

यह बोली महिला थाना प्रभारी
इस बारे में महिला थाना प्रभारी हवा कौर ने बताया कि उक्त लड़की की शिकायत पर पुलिस ने शुक्रवार को आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था मगर पुलिस ने जब उक्त लड़की को शनिवार को मैजिस्ट्रेट के सामने पेश किया तो वह अपने बयानों से मुकर गई और उसने वहां बयान दिया कि वह अपने पहले पिता के पास जाना चाहती है मगर उसका सौतेला पिता उसे ऐसा नहीं करने दे रहा था। इस बात को ध्यान में रखते हुए उसने इस तरह की शिकायत पुलिस को दी थी ताकि वह अपने पहले पिता के पास जा सके। इसलिए यह मामला एक प्रकार से झूठा पाया गया है। इसके बावजूद पुलिस इस मामले की अपने स्तर पर जांच कर रही है।

लम्बे समय से गैंगरेप करने का लगाया आरोप
उक्त लड़की ने शुक्रवार को महिला थाने में शिकायत देते हुए बताया कि उसका सौतेला पिता और उसके सौतेले पिता का चाचा उसके साथ पिछले लंबे समय से गैंगरेप कर रहे हैं। इस दौरान वह विरोध करती है तो उसकी सौतेली दादी और एक अन्य महिला उसकी पिटाई करते हुए उसे इस बारे में कहीं शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देती हैं। इसलिए पुलिस ने उन चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया।

वह पहले पिता के पास जाना चाहती है
इसके बाद पुलिस ने उक्त लड़की को शनिवार को मैजिस्ट्रेट के सामने पेश किया मगर यहां उक्त लड़की अपने बयानों से मुकर गई। उसने बताया कि वह अपने पहले पिता के पास जाना चाहती है लेकिन उसका सौतेला पिता, उसका चाचा, उसकी दादी उसे ऐसा नहीं करने दे रहे। इसलिए उसने उन लोगों को झूठे केस में फंसाने के लिए इस तरह की शिकायत महिला थाने में दी थी।

Shivam