वाह री....हरियाणा पुलिस! गैंगरेप पीड़िता के साथ ऐसा सलूक

6/5/2017 8:03:21 PM

यमुनानगर (हरिंदर सिंह): एक तरफ हरियाणा सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरे प्रदेश में महिला थाना खोलने के अलावा आपरेशन दुर्गा जैसे अभियान चला रही है। वहीं, महिलाओं के साथ बलात्कार की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला हरियाणा में यमुनानगर के नाहरपुर गांव का है, जहां एक युवती गैंगरेप का शिकार हो गई।

आरोप है कि युवती रात के समय दुकान पर बच्चों के लिए सामान लेने गई थी। वहां से आते समय गांव के ही एक युवक ने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर पीछे से उसके मुंह पर कपड़ा डालकर उसे बेहोश कर दिया और वह उसे साथ लगते खेत में ले गए, जहां उन्होंने उसके साथ गैंग रेप किया।

इसके बाद वह लोग उसे अपने घर ले गए और उसके साथ जमकर मारपीट की। लड़की के शरीर पर बने निशान उसके साथ हुई दरिंदगी को खुद ही बयां कर रहे हैं। दरिंदगी करने के बाद आरोपी खुद ही उसे उनके घर पर फेंककर चले गए। नशे में होने के कारण युवती भी अपने साथ हुई घटना को सही प्रकार से नहीं बता पा रही थी, लेकिन उसके हालात और शरीर पर बने जख्मों के निशान देखकर परिवार वालों को पूरा माजरा समझ में आ गया। 

हैरानी की बात तो यह है कि युवती को जब अस्पताल ले जाया गया तो वहां भी काफी इंतजार के बाद पुलिस नहीं पहुंची। इस पर युवती के परिजन खुद ही उसे उठाकर महिला थाने ले गए, लेकिन घंटों इंतजार के बाद थाने में भी किसी ने उसकी सुध नहीं ली। ऐसे में सवाल यहीं उठता है कि हरि की भूमि कहे जाने वाले इस हरियाणा में आज भी बेटियां और बहुएं सुरक्षित नहीं है। ऐसे में सरकार की तरफ से चलाए जाने वाले अभियान पर भी कईं सवाल खड़े होते हैं।

इतना ही नहीं पुलिस के आला अधिकारी भी महिलाओं की तरफ से आने वाली शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करने का दावा करते है,  लेकिन यदि वह कार्रवाई इसी तरह से है तो फिर तो हम केवल यहीं कहेंगे कि वाह रे हरियाणा पुलिस के नाम बड़े और दर्शन छोटे...