फसल बिक्री में कोई परेशानी ना आए इसलिए मुख्यमंत्री स्वयं ले रहे हैं रिपोर्ट: गंगवा

4/6/2021 6:43:28 PM

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा ने कहा कि वर्तमान खरीद सीजन में 6 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। किसान को फसल बिक्री में कोई परेशानी ना आए इसके लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल स्वयं प्रतिदिन रिपोर्ट ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल की सरकारी खरीद में किसी प्रकार की कोताही पाई गई तो जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

डिप्टी स्पीकर आज हिसार के गांव हरिकोट व गुंजार में भाजपा के 41वें स्थापना दिवस कार्यक्रम के अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का भी सीधा प्रसारण किया गया। अपने संबोधन में डिप्टी स्पीकर ने कहा कि खरीद केंद्र या मंडी में फसल लेकर आने वाले किसान को जे-फार्म मिलने के बाद 40 घंटे की अवधि में फसल का भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि 72 घंटे में किसान को अदायगी नहीं हुई तो सरकार उस राशि पर 9 प्रतिशत ब्याज देगी।

उन्होंने कहा कि पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पण्डित दीनदयाल उपाध्याय की सोच के अनुरूप प्रदेश सरकार द्वारा अनेक कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं, जिन्हें धरातल पर क्रियान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्मदिवस भी है। उन्होंने कहा कि सरकार हरियाणा एक-हरियाणवी एक की राह पर प्रदेश का समग्र विकास कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि विकास की गति को बढ़ाया जाए और समाज के अंतिम व्यक्ति तक आवश्यकता अुनसार सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।

Content Writer

Shivam