गारमेंट कंपनी में लगी आग से लाखों का नुकसान

1/30/2023 7:20:31 PM

गुडग़ांव, (ब्यूरो): साइबर सिटी गुडग़ांव के उद्योग विहार फेज-5 में एक गारमेंट कंपनी में आग लगने से लाखों का कपड़ा जलकर खाक हो गया। आग शॉर्ट सर्किट के चलते लगी थी। जिस पर दमकल कर्मियों ने करीब चार घंटे में काबू पा लिया। लेकिन इस बीच आग से लाखों के कपड़े जलकर खाक हो गए।

गुड़गांव की खबरों के लिए इस लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

उद्योग विहार फेज-5 के प्लॉट नंबर 456 स्थित हिमांशु अपेरल के नाम से गारमेंट फैक्ट्री है। जिसमें कपड़े बनाए जाते हैं। जिसके बेसमेंट में रविवार की देर सांय अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बेसमेंट में मौजूद कपड़ों को अपनी जद में ले लिया और आग ने विकराल रूप ले लिया। गनीमत थी बेसमेंट में इस दौरान कोई कर्मी नहीं था, जिसके चलते कोई घायल नहीं हुआ। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाडिय़ां मौके पर पहुंच गई।

 

दमकल अधिकारी ललित ने बताया कि टीम ने मौके पर पाया कि आग बेसमेंट में लगी हुई है। ऐसे में शीशे तोडक़र बेसमेंट की आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। बेसमेंट में कपड़े के रोल रखे थे। जिनको दमकल कर्मियों ने बाहर निकाला। आग को प्रारंभिक तौर पर बुझाने के बाद यहां रखे कपड़ों की थान हटाकर उसमें सुलग रही चिंगारियों को बुझाया गया। करीब चार घंटे तक चली मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। दमकल अधिकारी का कहना है कि आधे से ज्यादा बेसमेंट को बचा लिया गया। लेकिन इसबीच आग में लाखों का कपड़ा जलकर खाक हो गया।

Content Writer

Pawan Kumar Sethi