चुनाव के लिए एक लाख लोगों से करेंगे चंदा एकत्रित: जयहिंद

4/7/2019 8:28:02 AM

रोहतक(दीपक): आम आदमी पार्टी प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने जनता से लोकसभा चुनाव के लिए आर्थिक सहयोग की अपील करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए जनता से चंदा मांगेगी व आपका दान-आपके काम की अपील की जाएगी। इसके लिए 1 लाख लोगों से चंदा एकत्रित किया जाएगा। 10 रुपए से लेकर जिसकी जो भी इच्छा हो, उसके अनुसार दान कर सकता है। अलग-अलग माध्यमों (चैक, पे.टी.एम., ऑनलाइन) किसी भी प्रकार से कोई भी आम आदमी दान कर सकता है।

नवीन जयहिंद शनिवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पहले भी आम आदमी के पैसे से चुनाव लड़ा था और अब भी आम आदमी के पैसे से चुनाव लड़ेगी। झोली फैलाकर प्रदेश की जनता से चंदा लेंगे। भाजपा उद्योगपतियों से पैसे लेकर चुनाव लड़ रही है और काम भी उन्हीं उद्योगपतियों के कर रही है। ए.डी.आर. की रिपोर्ट के अनुसार 2017-18 में सभी पार्टियों को 1560 करोड़ रुपए का चंदा आया।

जिसमें अकेले भाजपा को 1027 करोड़ रुपए का चंदा आया है और ये चंदा भाजपा को आम आदमी ने नहीं बल्कि बड़े-बड़े उद्योगपतियों ने दिया है। जब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता चंदा इकट्टा करने के लिए मंडियों में गए तब पता चला कि किसान की फसल कागजी कार्रवाई के चलते नहीं बिक रही है और आढ़ती के पास फसल पहुंच नहीं रही है। सरकार ने अपने एजैंट बिठा रखे हैं, जिसके चलते किसान को मजबूरी में अपनी फसल कम भाव पर बेचनी पड़ रही है। आम आदमी पार्टी के कार्यकत्र्ता पूरे हरियाणा की मंडियों में जाएंगे और किसानों के हक की आवाज उठाएंगे।  

भाजपा ने लगाया जनता से पिटे हुए मोहरों पर दांव :  जयहिंद
प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने भाजपा के लोकसभा प्रत्याशियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिन्हें जनता सिरे से नकार चुकी है और जनता लगातार उनका विरोध कर रही है। भाजपा ने जनता की आवाज को दरकिनार करते हुए उन्हीं नेताओं को फिर से मैदान में जनता के हाथों पिटने के लिए उतार दिया है। 

kamal