पूरे देश में गीता बबीता फौगाट,विनेश फौगाट खिलाडिय़ों ने दादरी क्षेत्र का नाम रोशन किया

9/2/2019 10:56:35 AM

चरखी दादरी: मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के लिए चलाई जा रही अकादमियों को आवश्यकता अनुसार आर्थिक सहायता मुहैया करवाई जाएगी। जिससे कि खेल अकादमी में कोई भी जरूरतमंद खिलाड़ी अपना अभ्यास कर देश व प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि अकादमियों को सहायता मुहैया करवाने एवं विकसित करने की कारगर योजना बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र के झोझू कलियाणा रोड पर द्रोणाचार्य अवार्डी महावीर फौगाट द्वारा आयोजित स्वागत कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।  

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र खिलाडिय़ों के लिए जाना जाता है। यहां की गीता बबीता फौगाट, विनेश फौगाट ने देश-दुनिया में इस क्षेत्र का नाम ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को ऐसे खिलाडिय़ों से विशेषकर लड़कियों को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में हरियाणा मंत्रिमंडल द्वारा खिलाडिय़ों को दी जाने वाली नकद ईनामी राशि में भी सुधार किया है। जूनियर सब जूनियर लैवल के खिलाडिय़ों को भी ईनामी राशि का 75 लाख व 50 लाख रुपए का ईनाम दिया जाएगा। इससे पूर्व  मुख्यमंत्री ने 2 करोड़ रुपए की लागत से बनाए जाने वाले झोझूकलां के बस स्टैंड का शिलान्यास भी किया।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से ही झोझू को खंड बनाया गया है। अब इसे तहसील का दर्जा देने की भी प्रक्रिया चल रही है। मुख्यमंत्री ने दादरी में स्वच्छ भारत अभियान के तहत 38 ऑटो रिक्शा वाहनों को भी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने दादरी नगर परिषद को रोड स्वीप करने की मशीन भी भेंट की। इसके अलावा लोहारू कनाल पर 2 वी.आर.बी. ब्रिज बनाए जाने का भी शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने दादरी जिला को 51 करोड़ से अधिक की सौगात दी और इस क्षेत्र के कई पम्प हाऊसों के मशीनरी बदलने का भी कार्य किया। जन आशीर्वाद यात्रा को सांसद धर्मबीर सिंह, शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ व विधायक सुखविंद्र सिंह मांढी ने भी सम्बोधित किया।

Isha