धर्मनगरी में गीता जयंती की धूम, तस्वीरों में देखें कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां

11/18/2017 5:21:00 PM

कुरुक्षेत्र(रणदीप रोड): धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में शुरु हुए अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में इन दिनों खूब धूम मची है। ब्रह्म सरोवर कुरुक्षेत्र के तट पर जहां एक तरफ देश भर से आए शिल्पी अपनी कला को प्रदर्शित कर रहे हैं, वहीं देश के कोने-कोने से आए कलाकार भी लोक विधाअों की प्रस्तुतियां कर रहे हैं। गीता जयंती उत्सव में आए पर्यटक विभिन्न प्रदेशों की लोक कलाओं का आनंद उठा रहे हैं।

गीता जयंती महोत्सव के मौके पर पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए क्राफ्ट मेला और सरस मेला 17 नवंबर से शुरू हो चुके हैं। इसका शुभारंभ बीते दिन हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने किया था। 17 नवंबर से शुरू हुआ समारोह 3 दिसंबर तक चलेगा। 

गीता जयंती उत्सव का अौपचारिक शुभारंभ 25 नवंबर को राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद विधिवत करेंगे। गीता जयंती के मुख्य आयोजन 25 नवंबर से शुरू होंगे। मुख्य सांस्कृतिक आयोजन भी तभी से होंगे लेकिन सरस व शिल्प मेले में भी विभिन्न प्रदेशों की लोक कला शिल्प के साथ नजर आएगी। इस बार शिल्प मेला ब्रह्मसरोवर के उत्तरी छोर की सदरियों में लगाया है। "

पहले दिन देर शाम तक शिल्पकारों का पहुंचना जारी था। एनजेडसीसी पटियाला की तरफ से 300 से ज्यादा स्टाल आवंटित किए गए। हालांकि इन शिल्पकारों में 50 राष्ट्रीय स्तर के शिल्पकार, संत कबीर अवॉर्ड और स्टेट अवॉर्डी शामिल है। वहीं सरस में 22 राज्यों के 300 से ज्यादा स्टाल लगेंगे। तीन दिसंबर तक करीब 85 आयोजन होंगे। इनमें अधिकांश धार्मिक कार्यक्रम शामिल हैं। अधिकांश कार्यक्रम 25 नवंबर से ही शुरू होंगे। आयोजन स्थल भी इस बार दो जगह बनाए हैं।