जर्मनी के सांसद राहुल कंबोज ने दिया तंवर को समर्थन, अब मैदान में उतर कर BJP प्रत्याशी के लिए मांगेंगे वोट

punjabkesari.in Friday, May 17, 2024 - 03:28 PM (IST)

सिरसा (सतनाम सिंह) : हरियाणा में लोकसभा चुनावों में अब कुछ दिन ही बचे है। अब जर्मनी के फ्रेंकफर्ट से सांसद राहुल कंबोज अपने सखा डॉ. अशोक तंवर के लिए चुनाव प्रचार करने विशेष रूप से सिरसा पहुंचे हैं। कंबोज अपने बिजनेसमैन साथियों संग यहां निवेश की संभावनाएं भी तलाशने आए हैं। 

राहुल कंबोज ने कहा कि वह जब 9 महीने के थे, तभी जर्मनी चले गए थे। उनका जन्म प्रदेश के ही यमुनानगर के अलाहर गांव में हुआ था। जर्मनी से सांसद बनने वाले वह पहले भारतीय एवं एशयिन हैं। तंवर उनके सखा ही नहीं बल्कि पारिवारिक सदस्य हैं। करीब डेढ़ साल पहले  तंवर जर्मनी आए थे, तब वे वहां की टैक्नोलॉजी से खास प्रभावित हुए थे। जर्मन सांसद ने कहा कि भारत देश ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खूब तरक्की की है। जर्मन में रह रहे प्रवासी भारतीय खुद को इंडियन बोलने में गर्व महसूस करते हैं। खासतौर से डिजिटल क्षेत्र में भारत ने काफी तेजी से प्रगति की है, जिससे हमारा देश जर्मनी ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया प्रभावित है। हम भी जर्मनी में डिजिटल भुगतान व्यवस्था को लागू करें, इसके लिए उन्हें वहां का डिजिटल हैड बनाया गया है। 

राहुल कंबोज ने अशोक तंवर के बारे में कहा कि वे उनको वर्षों से जानते हैं। उन्होंने जनता के लिए बहुत काम किए हैं। उनका आमजन के साथ सीधा जुड़ाव रहा है। इसलिए लोगों का फर्ज बनता है कि वह तंवर का समर्थन करें और उनके साथ मजबूती से खड़े रहें। जर्मन सांसद ने कहा कि सिरसा, हिसार, करनाल आदि प्रदेश के कई स्थानों पर निवेश की अपार संभावनाएं हैं और इसलिए वह अपने होटल व्यवसायी दोस्त को साथ लेकर आए हैं। इसके साथ वे जर्मनी में अपने मित्रों को भी यहां निवेश के लिए बोलते हैं, ताकि दोनों देशों के बीच संबंध और मजबूत हों। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static