5 सितंबर के युवा मार्च को घनघस खाप का समर्थन, हरियाणा की सभी खापों से दिल्ली पहुंचने का आह्वान
punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 11:20 AM (IST)
चंडीगढ़ ( चन्द्र शेखर धरणी) : घनघस खाप के अध्यक्ष एडवोकेट जगदीप घनघस ने 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर दिल्ली में प्रस्तावित युवा मार्च का समर्थन करते हुए हरियाणा की सभी खाप पंचायतों से इसमें बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह मार्च युवाओं के अधिकारों, न्याय और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने के संकल्प का प्रतीक होगा।
एडवोकेट जगदीप घनघस के अनुसार, 5 सितंबर को प्रस्तावित शांतिपूर्ण मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर नई दिल्ली पुलिस मुख्यालय की ओर जाएगा। मार्च का नेतृत्व परीक्षा से जुड़े मामलों में जान गंवाने वाले छात्रों तथा पुलिस कार्रवाई से प्रभावित लोगों के परिवारों द्वारा किए जाने की बात कही गई है। इसमें देशभर से छात्रों, युवा संगठनों और युवा नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद जताई गई है।
हरियाणा की सभी खापों से एकजुट होने की अपील
घनघस खाप अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा की खाप पंचायतों का इतिहास सामाजिक मुद्दों पर सामूहिक रूप से आवाज उठाने का रहा है। ऐसे में जब देश के युवा अपने अधिकारों और भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने के लिए एकत्रित हो रहे हैं, तो खापों को भी उनके साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने हरियाणा की सभी खापों से अपील करते हुए कहा कि 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित इस शांतिपूर्ण मार्च में भारी संख्या में पहुंचकर युवाओं का समर्थन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन का उद्देश्य शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों और चिंताओं को सामने रखना होना चाहिए।
‘जेन जी ने पहली बार पूरे देश में उठाई आवाज’
एडवोकेट जगदीप घनघस ने कहा कि मौजूदा दौर में देश का युवा अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर पहले की तुलना में कहीं अधिक जागरूक हुआ है। उनके अनुसार, जेन जी के युवाओं ने पहली बार अपने हक और अधिकारों को लेकर देशव्यापी स्तर पर आवाज बुलंद की है। उन्होंने कहा कि युवाओं की एकजुटता ने यह संदेश दिया है कि नई पीढ़ी अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चुप रहने के बजाय लोकतांत्रिक तरीके से सवाल पूछने और जवाब मांगने के लिए तैयार है। घनघस ने कहा कि युवा वर्ग की इस एकजुटता को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए।
युवा प्रदर्शनकारियों और मृतकों के परिवारों के साथ खड़े होने का दावा
घनघस खाप की ओर से कहा गया कि संगठन जेन जी, युवा प्रदर्शनकारियों और उन परिवारों के साथ खड़ा है, जिन्होंने परीक्षा से जुड़े मामलों अथवा पुलिस कार्रवाई में अपने परिजनों को खोया है। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों की पीड़ा और युवाओं की चिंताओं को राजनीतिक नजरिये से देखने के बजाय संवेदनशीलता के साथ समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि 5 सितंबर को इंडिया गेट पर युवाओं का एक बार फिर जुटना उनके लोकतांत्रिक अधिकारों और अपनी बात रखने के संकल्प को दर्शाएगा। उन्होंने मार्च को शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील भी की।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का भी किया जिक्र
एडवोकेट जगदीप घनघस ने अपने बयान में तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का भी जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं की देशव्यापी आवाज और दबाव के कारण यह स्थिति बनी। उन्होंने दावा किया कि युवाओं की एकजुटता ने सरकार और व्यवस्था को उनके मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने के लिए मजबूर किया। उन्होंने कहा कि अब 5 सितंबर का मार्च युवाओं की उसी सामूहिक आवाज को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा। घनघस खाप ने हरियाणा की सभी खापों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे युवाओं के इस शांतिपूर्ण प्रयास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।